इलेक्शन

Tamil Nadu Election: 'इस बार की जीत...' स्टालिन ने नामांकन भरते ही किया बड़ा दावा, किस सीट से लड़ेंगे चुनाव?

Tamil Nadu Election 2026: डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने कोलाथुर (Kolathur) से विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है और चौथी बार जीत का भरोसा जताया है। डीएमके प्रमुख ने कहा कि इस बार उनकी जीत का अंतर पहले से ज्यादा बड़ा होगा। राज्य में 23 अप्रैल को मतदान होना है, जहां मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है।

Image

एम.के. स्टालिन ने चेन्नई के कोलाथुर विधानसभा से अपना नामांकन दाखिल किया। ANI

Photo : ANI

Tamil Nadu Election 2026: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने सोमवार को चेन्नई के कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र से 13 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद स्टालिन ने विश्वास जताया कि कोलाथुर क्षेत्र की जनता उन्हें लगातार चौथी बार शानदार जीत दिलाएगी।

स्टालिन 2011, 2016 और 2021 के विधानसभा चुनावों में कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र से विजयी रहे हैं। नामांकन के तुरंत बाद उन्होंने रोड शो किया और लोगों का अभिवादन कर समर्थन मांगा। इस दौरान द्रमुक अध्यक्ष ने कोलाथुर क्षेत्र में अपने कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित एक पुस्तक का भी विमोचन किया।

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होना है चुनाव

मानव संसाधन एवं संचार मंत्री पी.के. शेखर बाबू सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ डीएमके अध्यक्ष यहां चुनाव कार्यालय पहुंचे और राज्य में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के पहले दिन अपना नामांकन पत्र जमा किया।

द्रमुक ने 164 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की। रविवार को स्टालिन ने विकास की रूपरेखा और लक्ष्यों को रेखांकित करते हुए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। विपक्षी अन्नाद्रमुक ने मुख्यमंत्री के खिलाफ चेन्नई निगम के पार्षद पी संथानकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है जबकि अभिनेता-राजनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने वी एस बाबू को मैदान में उतारा है, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

मेरी जीत का अंतर बहुत बड़ा होगा: स्टालिन

नामांकन दाखिल करते ही चुनाव प्रचार शुरू करने वाले स्टालिन ने विश्वास जताया कि इस क्षेत्र की जनता उन्हें लगातार चौथी बार भारी बहुमत से जीत दिलाएगी। स्टालिन ने संवाददाताओं से कहा, "मुझे जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। पिछली तीन बार की तुलना में मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार जनता के भारी समर्थन के कारण मेरी जीत का अंतर बहुत बड़ा होगा।"

उन्होंने कहा कि द्रमुक 200 से अधिक सीटें जीतेगी और पिछले चुनाव की तरह ही इस बार भी द्रमुक का चुनाव प्रचार बेहद प्रभावी होगा। तमिलनाडु में 234 विधानसभा क्षेत्र हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article