इलेक्शन

'मैं अपना बेटा आपको सौंपती हूं, इसे भी अपना मानिए जैसे मुझे माना', रायबरेली के लोगों से सोनिया की भावुक अपील

Sonia Gandhi Raebareli Rally: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी शुक्रवार को रायबरेली पहुंचीं और चुनावी सभा को संबोधित किया। रैली को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने रायबरेली की जनता से भावुक अपील की। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए इस सीट से गांधी परिवार के पुराने रिश्ते का जिक्र किया।

Image

रायबरेली में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता सोनिया गांधी।

Sonia Gandhi Raebareli Rally: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी शुक्रवार को रायबरेली पहुंचीं और चुनावी सभा को संबोधित किया। रैली को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने रायबरेली की जनता से भावुक अपील की। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए इस सीट से गांधी परिवार के पुराने रिश्ते का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आप लोगों ने उन्हें अपनाया उसी तरह राहुल गांधी को भी अपना मानिए। सोनिया ने कहा कि वह अपने बेटे को रायबरेली की जनता को सौंप रही हैं।

'रायबरेली से हमारा रिश्ता गंगा मां की तरह पवित्र'

सोनिया ने कहा, 'हमारे परिवार की जड़ें रायबरेली की धरती से गहराई से जुड़ी हुई हैं। रायबरेली के साथ हमारा रिश्ता गंगा मां की तरह पवित्र है। यह रिश्ता रायबरेली एवं अवध के किसान आंदोलन के साथ शुरू होता है। इंदिरा गांधी के हृदय में रायबरेली के लिए एक खास जगह थी। मैंने उन्हें बहुत करीब से काम करते हुए देखा है।'

राहुल आपको निराश नहीं करेंगे-सोनिया

कांग्रेस नेता ने कहा, 'रायबरेली की जनता और इंदिरा जी ने जो कुछ मुझे सिखाया, वही शिक्षा मैंने राहुल और प्रियंका को भी दी है। इंदिरा जी ने सभी का सम्मान करने, कमजोरों की सुरक्षा करने, अन्याय के खिलाफ लड़ने की शिक्षा दीं। वह कहती थीं कि किसी से डरे नहीं...आपके प्यार ने मुझे कभी अकेला नहीं छोड़ा। मेरे पास जो कुछ भी है...वह आपका है। मैं आज अपने बेटे को आपको सौंप रही हूं। इसे भी आप वैसा ही अपना मानिए जैसे आपने मुझे माना था। राहुल आपको निराश नहीं करेंगे।'

अखिलेश के साथ राहुल ने की रैली

सोनिया जब लोगों को संबोधित कर रही थीं तो मंच पर राहुल और प्रियंका भी मौजूद थे। इससे पहले राहुल गांधी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ एक संयुक्त रैली को संबोधित किया। बता दें कि रायबरेली सीट से सोनिया गांधी जीतती आई हैं लेकिन इस बार उन्होंने चुनाव न लड़ने का फैसला किया। वह राजस्थान से राज्यसभा पहुंची हैं। राहुल गांधी इस बार दो सीटों केरल की वायनाड और रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं।

2019 में एक मात्र रायबरेली सीट जीती कांग्रेस

रायबरेली सीट पर सोनिया 2004 से 2024 तक सांसद रही हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ रायबरेली सीट पर ही जीत मिली थी। रायबरेली में पांचवें चरण के लिए 20 मई को मतदान होना है। यूपी में सपा और कांग्रेस का गठबंधन है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article