Sanjay Raut Slams Raj Thackeray: उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की जंग किसी से छिपी नहीं है, दोनों चचेरे भाई आज किसी दुश्मन से कम नहीं हैं। वजह हर कोई जानता है, सत्ता, सियासत और रसूख...। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी सियासी पार्टियां और उनके नेता अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। शिवसेना भले ही दो हिस्सों में बंट चुकी है, लेकिन उद्धव खेमे के नेता राज ठाकरे पर लगाार तंज कर रहे हैं। इसी कड़ी में संजय राउत ने उद्धव के चचेरे भाई की चुटकी ली है।
अपने बेटे अमित ठाकरे की फिक्र कर रहे हैं राज ठाकरे!
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की इसलिए तारीफ कर हैं क्योंकि उन्हें अपने बेटे अमित ठाकरे की फिक्र है। अमित ठाकरे महाराष्ट्र में 20 नवंबर को हो रहे विधानसभा चुनाव में मुंबई की माहिम सीट से मनसे प्रत्याशी के रूप में पहली बार चुनाव में उतर रहे हैं। बुधवार को राज ठाकरे ने कहा था कि मनसे और भाजपा चुनाव के बाद साथ आ जायेंगी एवं अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा।
राज ठाकरे के बेटे को लेकर राउत ने कसा तीखा तंज
संजय राउत ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'जिस व्यक्ति का बेटा चुनाव लड़ रहा हो, उसकी मानसिकता समझी जा सकती है। जो व्यक्ति कभी कहता था कि भाजपा को महाराष्ट्र से भगा देना चाहिए तथा अमित शाह एवं नरेन्द्र मोदी को राज्य में घुसने नहीं देना चाहिए, वह आज भाजपा की तारीफ कर रहा है।'
उन्होंने कहा, 'राज ठाकरे जानते हैं कि महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी से (अगला) मुख्यमंत्री होगा।' राज ठाकरे ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ प्रचार किया था। बाद में उन्होंने अपना रूख बदल लिया।
