इलेक्शन

रोहतक लोकसभा सीट: क्या हुड्डा परिवार के लौटेंगे दिन, अरविंद कुमार शर्मा की दीपेंद्र हुड्डा से सीधी टक्कर

Rohtak lok sabha Seat Election 2024 : रोहतक लोकसभा सीट हुड्डा परिवार का गढ़ रही है। 1952 से अब तक हुए लोस चुनाव में हुड्डा फैमिली ने 9 बार परचम लहराया है। आइये जानते हैं इस बार यहां का क्या समीकरण है।

Image

लोकसभा चुनाव 2024

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Rohtak lok sabha Election 2024 : हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में रोहतक संसदीय क्षेत्र सबसे हॉट सीट मानी जाती है। 1952 से अस्तित्व में आई सीट पर हुड्डा परिवार का दबदबा रहा है। 2019 से पहले बीजेपी का यहां से खाता तक नहीं खुला था। 2014 में मोदी लहर में भी बीजेपी को यहां से हार का सामना करना पड़ा था। तब दीपेंद्र हुड्डा ने भारतीय जनता पार्टी के ओमप्रकाश धनकड़ को भारी मतों से शिकस्त दी थी। लेकिन, 2019 में बीजेपी के अरविंद कुमार शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी व सिटिंग सांसद दीपेंद्र हुड्डा को पराजित कर दिया।

रोहतक लोकसभा में इतने मतदाता

रोहतक लोकसभा के अंतर्गत 9 विधानसभा सीटें आती हैं, जिनमें महम, गढ़ी सांपला, रोहतक, कलानौर, बहादुरगढ़, बादली, झज्जर, बेरी और कोशली शामिल हैं। रोहतक लोकसभा क्षेत्र में 16,38,605 लाख मतदाता हैं, जिनमें 8,76,216 पुरुष मतदाता और 7,62,382 महिला वोटर्स हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां 12,20,571 मतदाताओं ने मतदान किया था। तब 74 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

हुड्डा परिवार का गढ़ रहा रोहतक

2019 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अरविंद कुमार शर्मा ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह के बेटे व कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र हुड्डा को महज 7503 हजार वोटों से हराया था। उस चुनाव में दोनों पार्टियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। अरविंद कुमार शर्मा को 5,73,845 वोट मिले थे, जबकि हुड्डा के खाते में 5,66,342 वोट आए थे। जानकारी के लिए बता दें कि दीपेंद्र हुड्डा परिवार की चौथी पीढ़ी हैं जो सार्वजनिक सेवा के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनके पिता भूपिंदर सिंह कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे हैं और उन्हें दो बार बतौर मुख्यमंत्री हरियाणा की बागडोर संभालने का अवसर मिला। दीपेंद्र के दादा रणबीर सिंह हुड्डा एक स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के सदस्य थे।

मुख्य उम्मीदवार रोहतक लोकसभा

  • दीपेंद्र सिंह हुड्डा - कांग्रेस
  • अरविंद कुमार शर्मा - बीजेपी
  • सुरेंद्र - एएडीपीपी
  • जयकरण मांडौठी एसयूसीआई
  • विनय - निर्दलीय
  • एडवोकेट आदित्य धनखड़ - एसयूपीपीआईपी
  • जगबीर सिंह - बीएचजेकेपी
  • विनोद कुमार - पीपीआई (डी)
रोहतक लोकसभा के छठे चरण में 25 मई को वोटिंग हुई। इस बार यहां 64.8 फीसदी मतदान हुआ। महम विधानसभा में 69.8 प्रतिशत, गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा में 68.7 प्रतिशत और रोहतक विधानसभा में 60.8 फीसदी मतदान हुआ। इस सीट का भी कल यानी 4 जून को रिजल्ट घोषित होगा।
Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article