इलेक्शन

गुड़गांव लोकसभा सीट: चुनावी जंग में नेता और अभिनेता, राव इंद्रजीत सिंह या राज बब्बर होंगे विजेता

Gurgaon lok sabha Election 2024 : गुड़गांव लोकसभा हाईप्रोफाइल सीट में इस बार भाजपा और कांग्रेस में कड़ी टक्कर है। इस बार बीजेपी से 2 बार के सांसद व पुराने कांग्रेसी राव इंद्रजीत सिंह और अभिनेता से नेता बने कांग्रेस पार्टी से राज बब्बर सीधे मुकाबले में हैं। आइये समझते हैं इस सीट का समीकरण।

Image

फोटो

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Gurgaon lok sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सात चरणों में मतदान सपन्न हो चुके हैं। देशभर की हॉट सीटों में हरियाणा की गुड़गांव (गुरुग्राम) सीट भी हाईप्रोफाइल सीटों में से है। एशिया के सबसे बड़े आईटी हब गुरुग्राम में इस बार लोकसभा का चुनाव बेहद दिलचस्प है। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह (Rao Inderjeet Singh) चुनावी मैदान में उतारा है तो वहीं, कांग्रेस पार्टी से चुनौती देने के लए बॉलीवुड अभिनेता राज बब्बर ( Bollywood Actor Raj Babbar) मैदान में उतरे हैं। हालांकि, चुनाव में स्थानीय बनाम बाहरी का गुणा गणित बिठाने की कोशिश की गई। वैसे यहां हार जीत तय करने में 11वीं सदी के राजपूत वंश से निकले मुसलमान 'मेव' अहम भूमिका निभाते हैं। यहां का धार्मिक और जातीय समीकरण में काफी रोचक है। तो आइये जानते हैं कि यहां राजबब्बर दो बार के सांसद और पुराने कांग्रेसी राव इंद्रजीत को कितनी टक्कर दे पाए होंगे। इस सीट पर छठे चरण में 25 मई को वोट डाले गए थे, जिसके 4 जून को परिणाम आएंगे।

गुड़गांव लोकसभा सीट पर शनिवार को मतदान संपन्न हुआ। इस सीट पर 60.70 फीसदी मतदान हुआ। इसमें रेवाड़ी विधानसभा में सबसे अधिक 64.10 फीसदी मतदान हुआ। बावल विधानसभा में 63, कोसली विधानसभा में 62.50 फीसदी वोट पड़े। लेकिन, 2019 के मुकाबले इस बार कम मतदान हुआ है। अभी यह कहना ठीक नहीं होगा की जनता बदलाव की ओर गई है या सिटिंग सांसद को अपना नेता चुना होगा।

विधानसभा का नामवर्षमत प्रतिशत वर्षमतदान प्रतिशत अंतर
रेवाड़ी 201970.56202464.10 6.46 प्रतिशत
बावल 201975.64202463 12.64 प्रतिशत
कोसली2019 71.93 202462.50 9.43

गुड़गांव लोकसभा सीट, राव इंद्रजीत सिंह या राज बब्बर इन दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

भारतीय जनता पार्टी (BJP) को उम्मीद है कि इस बार 'मेवो' का वोट बैंक उनके साथ आया होगा। उधर, कांग्रेस पार्टी (Congress Part) का भी मुख्य फोकम मेव, अहीर, जाट मतदाताओं पर था। हालांकि, शहर में सभी जातियों का मिश्रण है। इसके अलावा दूसरे राज्यों के वोटरों की एक बड़ी संख्या गुरुग्राम को सांसद देने में अहम भूमिका निभाती रही है। इस बार मुख्य मुकाबले में सामने खड़ी दोनों पार्टिया एक-दूसरे पर भारी पड़ती दिखाई दे रही हैं। भाजपा उम्मीदवार व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके पिता राव वीरेंद्र सिंह (Rao Virendra Singh) प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे हैं। हालांकि, उनका कार्यकाल एक वर्ष से भी कम रहा था। साल 2014 में इंद्रजीत ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। उन्होंने 2014 और 2019 के चुनान में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें जीत हासिल हुई थी। देखना है इस बार वे जीत की हैट्रिक लगा पाते हैं या राज बब्बर पंजे की छाप छोड़ेंगे।

मुख्य उम्मीदवार गुड़गांव लोकसभा

  • राव इंद्रजीत सिंह- BJP/NDA
  • राज बब्बर -Congress
  • विजय खटाना - बीएएसपी
  • लालचंद यादव -बीएचजेकेपी
  • श्रवण कुमार गुप्ता -एसयूसीआई
  • अनवर - एसडीपीआई
  • वंदना गुलिया -आरटीआरपी
  • ईश्वर सिंह सुठानी -पीपीआई (डी)
  • आकाश व्यास -बीएससीपी
  • सोराब खान -आईएनएलडी
  • विजय यादव - जेएएनएसकेपी
  • राहुल यादव - जेएनकेपी
  • अजय कुमार - आईएनडी
  • अक्षत गैत - भारतीय शक्ति चेतना

गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र का चुनावी समीकरण

दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में फैली इस लोकसभा क्षेत्र में 25 लाख वोटर्स हैं। इसमें से मेव मुस्लिमों की तादात 19 फीसदी है। वहीं, दूसरे नंबर पर अहीर 17 फीसदी हैं। इसके बाद जाटों की संख्या 8 फीसदी है। वहीं, अनुसूचित जाति करीब 15 फीसदी है। इसके अलावा ब्राम्हाण, क्षत्रिय, वैश्य और पंजाबी समेत कई अन्य जातियां शामिल हैं। गुरुग्राम लोकसभा में कुल 9 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें नूंह जिले की तीन सीटों पर कांग्रेस पार्टी के विधायक हैं और रेवाड़ी जिले की दो विधानसभा सीटें, बावल और रेवाड़ी गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र में ही शामिल हैं। इनमें से एक पर कांग्रेस का कब्जा है तो एक पर बीजेपी का। गुरुग्राम जिले में चार विधानसभा सीटें हैं, जिनमें पटौदी, गुड़गांव और सोहना विधानसभा सीट पर भाजपा के विधायक हैं। वहीं, राजबब्बर संसद पहुंचने का चौका लगाने के प्रयास चुनावी मैदान में पैंतरे फेंक रहे हैं।

गुरुग्राम लोकसभा : 2014 और 2019 का गुणा गणित

2019 के लोकसभा चुनाव में गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र में 21,39,788 वोटर्स थे, इसमें से 11,35,004 पुरुष मतदाता और 10,04749 महिला मतदाताओं की संख्या थी। लेकिन, इस बार नए वोटरों के नाम जुड़ने से वोटरों की संख्या 25 लाख के पार पहुंच चुकी है। 2019 में भाजपा और कांग्रेस के बीच ही मुकाबला था, जिसमें भाजपा के उम्मीदवार राव इंद्रजीत को 881546 वोट प्राप्त हुए थे, जबकि उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवार कैप्टन अजय सिंह को 4,95,290 वोट मिले थे। वहीं, 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से पहली टिकट लेकर चुनाव लड़ रहे राव इंद्रजीत को 6,44,780 मत मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 3,70,058 वोट मिले थे।

इस बार एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के मध्य मुकाबला है। यहां 25 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ था। अब देशभर की सभी सीटों के साथ 4 जून को चुनाव का रिजल्ट घोषित होने का इंतजार है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article