इलेक्शन

उपेंद्र कुशवाहा पहुंचे पटना, NDA के सीट बंटवारे के बाद X पर फिर छलका दर्द, कहा- ‘जहां मेरा घर था वहीं बारिश की’

Bihar Assembly Election 2025: बिहार चुनाव को लेकर एनडीए में सीटों की घोषणा के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा आज पटना पहुंचे। जहां वे मीडिया से बात किए बिना ही अपने घर के लिए रवाना हो गए। एनडीए ने उनकी पार्टी को 6 सीट दी हैं। जिससे वे खुश नजर नहीं आ रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा द्वारा एक्स पर की गई अलग-अलग पोस्ट से उनकी नाराजगी साफ झलक रही है।

Image

NDA के सीट बंटवारे के बाद उपेंद्र कुशवाहा पहुंचे पटना

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीटों के बंटवारे के बाद उपेंद्र कुशवाहा आज पटना पहुंचे। जहां उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। वे चुपचाप ही एयरपोर्ट से अपने घर के लिए रवाना हो गए। एनडीए के सीट बंटवारे में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को 6 सीटें मिलीं है। लेकिन उपेंद्र कुशवाहा इस सीट बंटवारे से खुश नहीं है। उनके सोशल मीडिया पोस्ट से नाराजगी साफ झलक रही है। वे लगातार अलग-अलग पोस्ट से अपना दर्द भी बयां कर रहे हैं। सोमवार सुबह उन्होंने X पर एक पोस्ट की। जिसमें उन्होंने कहा 'आज बादलों ने फिर साजिश की, जहां मेरा घर था वहीं बारिश की। अगर फलक को जिद है बिजलियां गिराने की, तो हमें भी जिद है वहीं पर आशियां बसाने की।'

कुशवाहा ने इससे पहले भी अपने एक्स अकाउंट से एक पोस्ट की थी। जिसमें उन्होंने मन के मुताबिक सीट नहीं मिलने का जिक्र किया था। उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार को पोस्ट में कहा था कि 'प्रिय मित्रों/साथियों, आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पायी। मैं समझ रहा हूं, इस निर्णय से अपनी पार्टी के उम्मीदवार होने की इच्छा रखने वाले साथियों सहित हजारों - लाखों लोगों का मन दुखी होगा। आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा। परन्तु आप सभी मेरी एवं पार्टी की विवशता और सीमा को बखूबी समझ रहे होंगे। किसी भी निर्णय के पीछे कुछ परिस्थितियां ऐसी होती हैं जो बाहर से दिखतीं हैं मगर कुछ ऐसी भी होती हैं जो बाहर से नहीं दिखतीं। हम जानते हैं कि अन्दर की परिस्थितियों से अनभिज्ञता के कारण आपके मन में मेरे प्रति गुस्सा भी होगा, जो स्वाभाविक भी है। आपसे विनम्र आग्रह है कि आप गुस्सा को शांत होने दीजिए, फिर आप स्वयं महसूस करेंगे कि फैसला कितना उचित है या अनुचित। फिर कुछ आने वाला समय बताएगा। फिलहाल इतना ही।'

NDA के किस पार्टी को मिली कितनी सीटें

बता दें कि एनडीए ने अपने सभी राजनीतिक दलों में बिहार चुनाव के लिए विधानसभा सीट का बंटवारा अंतिम रूप से तय कर लिया है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दोनों पार्टियों के हिस्से में 101-101 सीटें आई हैं। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीट और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) को छह सीट दी गई हैं। राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को भी 6 विधानसभा सीट मिली हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article