Odisha Lok Sabha Election: कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा और ओडिशा विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में अपनी दूसरी जनसभा को संबोधित करने के लिए तीन मई को आदिवासी बहुल रायगड़ जिले का दौरा करेंगे। राहुल गांधी अपनी रैली में ओबीसी से जुड़े मुद्दे उठा सकते हैं।
राहुल की दो रैली
ओडिशा कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने यहां मीडियाकर्मियों को बताया कि राहुल गांधी तीन मई को रायगड़ में न्याय रैली को संबोधित करेंगे जिसमें वह आदिवासी और ओबीसी से संबंधित मुद्दों पर बोलेंगे। उन्होंने कहा कि रायगड़ की यात्रा के बाद गांधी बोलांगीर जिले में एक और चुनावी रैली को संबोधित करेंगे, जहां उनके बेरोजगारी और प्रवासन के मुद्दों को उठाने की संभावना है।
प्रियंका गांधी भी करेगी रैली
दास ने कहा कि चूंकि नबरंगपुर जिला कभी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का पसंदीदा स्थान था, इसलिए पार्टी ने प्रचार के लिए प्रियंका गांधी के दौरे की योजना बनाई है। राहुल गांधी ने कटक जिले के सालेपुर विधानसभा क्षेत्र में अपनी पहली जनसभा को संबोधित किया था।
