Assam Assembly Election 2026: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया, जिसमें शासन और स्वास्थ्य सेवा जैसे 11 क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। बोकाजन में एक चुनावी रैली में राहुल गांधी, कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी का घोषणापत्र जारी किया।
राहुल गांधी ने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर जुबिन गर्ग को 100 दिनों में न्याय दिलाने की मेरी गारंटी है। उन्होंने कहा कि हम असम में आर्टिकल 244A लागू करेंगे, ताकि आपके हक के फैसले गुवाहाटी या दिल्ली से नहीं, बल्कि आपके स्थानीय काउंसिल से किए जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और हमारे गठबंधन साथियों ने 5 गारंटी दी हैं जिसमें महिलाओं के लिए 50000 रुपये की सहायता, बुजुर्गों के लिए पेंशन और 25 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था करने की बात कही गई।
कांग्रेस के घोषणा पत्र में क्या-क्या?
- महिलाओं को प्रतिमाह नकद सहायता सीधे खाते में और व्यवसाय शुरू करने के लिए 50,000 रुपये का समर्थन दिया जाएगा।
- हर परिवार को 25 लाख रुपये का फ्री इलाज दिया जाएगा। इसके लिए एक नई हेल्थ इन्शुरन्स पॉलिसी लाएंगे।
- असम के 10 लाख भूमिपुत्रों को स्थायी पट्टा दिया जाएगा।
- बुजुर्गों को हर महीने 1,250 रुपये की पेंशन दी जाएगी।
- जुबिन गर्ग को 100 दिन में न्याय दिलाने की गारंटी
- असम में 244 (A) लागू किया जाएगा।
असम में कब होगा मतदान?
घोषणापत्र के 11 संकल्पों में शासन, पहचान, स्वास्थ्य सेवा, अवसंरचना विकास, औद्योगीकरण, कृषि, ग्रामीण और शहरी विकास, जलवायु परिवर्तन और सुरक्षित असम जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इससे पहले, कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की यात्रा के दौरान 29 मार्च को 'पांच गारंटी' जारी की थीं। असम विधानसभा की 126 सीट के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।
