लोकसभा चुनाव के बीच राजद को बड़ा झटका लगा है। लालू यादव के खास सहयोगी प्रभुनाथ सिंह के बेटे रणधीर कुमार सिंह ने राजद से इस्तीफा दे दिया है। अटकलें हैं कि रणधीर कुमार सिंह जदयू में शामिल हो सकते हैं।
लोकसभा टिकट की थी मांग
बिहार के छपरा से पूर्व विधायक रणधीर कुमार सिंह लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज थे। रणधीर सिंह ने अपने इस्तीफे में लिखा कि आरजेडी अपने नीति और सिद्धांत से भटक चुकी है। इससे आहत होकर इस्तीफा दे रहा हूं।
कांग्रेस के खाते में सीट
कहा जा रहा है कि रणधीर कुमार सिंह महाराजगंज सीट से टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन यह सीट कांग्रेस के खाते में चल गई और यहां से कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के बेटे आकाश सिंह को टिकट दिया है।
पिछली बार हार गए थे रणधीर सिंह
राजद ने पिछले चुनाव में रणधीर कुमार सिंह को ही लोकसभा का टिकट दिया था, लेकिन तब वो भाजपा के जनार्दन सिंह सिग्रीवाल से चुनाव हार गए थे। जिसके बाद इस बार यह सीट कांग्रेस के खाते में चल गई। अब जब रणधीर सिंह को टिकट नहीं मिला है, तब कहा जा रहा है कि रणधीर सिंह जदयू में शामिल हो सकते हैं।
