Bihar assembly Election 2025: बिहार में चुनाव प्रचार जोर पकड़ चुका है। पहले चरण के लिए नेता जी-जान से प्रचार से जुटे हैं और ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को समस्तीपुर से अपने और एनडीए के चुनावी अभियान का आगाज कर दिया। चुनाव प्रचार में महागठबंधन भी पीछे नहीं है। इसके नेता एवं सीएम पद के फेस बन चुके तेजस्वी यादव की ओर से लगातार एनडीए को चुनौती दी जा रही है।
बिहार चुनाव कई मोर्चों पर लड़ा जा रहा है और इसमें पोस्टर वारी भी जारी है। इसी क्रम में राजद ने शनिवार को पटना में पार्टी कार्यालय के बाहर तेजस्वी यादव का एक नया पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर में तेजस्वी यादव की तस्वीर के साथ लिखा 'बिहार का नायक'।
महागठबंधन की पीसी में भी केवल तेजस्वी की तस्वीर
गुरुवार को महागठबंधन के नेताओं की संयुक्त प्रेस वार्ता हुई लेकिन इस पीसी से पहले मंच पर जो पोस्टर दिखा उसे लेकर विवाद हो गया है। इस पोस्टर में महागठबंधन की ओर से केवल तेजस्वी यादव की तस्वीर लगाई गई। इस पोस्टर में महागठबंन के किसी नेता को जगह नहीं मिली। इस पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में वोट केवल राहुल गांधी की तस्वीर पर पड़ेगा, किसी और के चेहरे पर नहीं। तो भाजपा ने भी निशाना साधने में देरी नहीं की। BJP के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस मुद्दे पर X पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, 'संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस? लेकिन केवल एक तस्वीर। राहुल गांधी और कांग्रेस का 'सम्मान चोरी'। कांग्रेस और राहुल को उनकी जगह दिखा दी?'
तेजस्वी सीएम, सहनी डिप्टी सीएम उम्मीदवार
इस पीसी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने तेजस्वी यादव को महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के मुखिया मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया। राजद का कहना है कि उसकी तरफ से और डिप्टी सीएम की घोषणा की जाएगी। बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए मतदान दो चरणों छह और 11 नवंबर को होगा जबकि चुनाव नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे। एनडीए यह चुनाव सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ रहा है लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं गृह मंत्री ने कहा है कि चुनाव नतीजे आने के बाद विधायक दल की बैठक में एनडीए का मुख्यमंत्री चुना जाएगा।
