इलेक्शन

Bihar Election 2025: पीएम मोदी के साथ 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' का संवाद आज: कार्यकर्ता देंगे आगामी चुनावों के लिए सुझाव

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी आज 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' अभियान के तहत राज्य के बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और आगामी चुनाव को लेकर सुझावों पर चर्चा भी की जाएगी।

Image

पीएम मोदी (फोटो - PTI)

Photo : PTI

Bihar Election 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार यानी आज, 15 अक्टूबर को 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' अभियान के तहत बिहार के बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे और आगामी विधानसभा चुनावों (Bihar Assembly Election 2025) से पहले उनके सुझाव सुनेंगे। 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' पहल एक दीर्घकालिक, संवादात्मक आउटरीच अभियान है, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय या बूथ स्तर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पार्टी के संबंधों को मजबूत करना है।

बूथ कार्यकर्ताओं को संवाद के लिए किया आमंत्रित

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, रविवार को पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा था, "बिहार में भाजपा-एनडीए की जीत के लिए हमारे समर्पित कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा से जुट गए हैं। ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं से बातचीत करने से हमेशा नई प्रेरणा मिलती है। 15 अक्टूबर को मुझे ऐसे कार्यकर्ताओं से सीधे बातचीत करने का अवसर मिलेगा।" कार्यकर्ताओं को आमंत्रित करते हुए उन्होंने कहा, "मेरा अनुरोध है... आप सभी 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' अभियान से जुड़ें और आज ही अपने सुझाव साझा करें। मैं कुछ चुनिंदा कार्यकर्ताओं से उनके सुझावों पर सीधे चर्चा भी करूंगा।"

101-101 सीटों पर भाजपा और जेडीयू लड़ेंगे चुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को घोषणा की कि जेडी(यू) और भाजपा 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव सभी 243 सीटों के लिए दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होने हैं। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

सीटों के बंटवारें की घोषणा एनडीए गठबंधन के सहयोगियों के बीच दिल्ली और पटना में कई दौर की बातचीत के बाद आई है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एनडीए में सीट बंटवारे की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "हम एनडीए सहयोगियों ने सौहार्दपूर्ण माहौल में सीटों का बंटवारा पूरा कर लिया है। जेडीयू 101, बीजेपी 101, एलजेपी (रामविलास) 29, राष्ट्रीय लोक मोर्चा 6 और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा 6 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।"

इनपुट - आईएएनएस

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article