Bihar Election 2025: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वह गुरुवार को बिहार में दो रैलियों को संबोधित करेंगे और विश्वास जताया कि मतदाता भाजपा-राजग की शानदार जीत सुनिश्चित करेंगे। मोदी ने 24 अक्टूबर को समस्तीपुर और बेगूसराय में रैलियों को संबोधित करके आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रचार अभियान की शुरुआत की थी।
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बिहार के मेरे परिवारजन भाजपा-राजग को प्रचंड जीत दिलाने के लिए खुद चुनाव मैदान में हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उत्साह के इस माहौल में कल पूर्वाह्न करीब 11 बजे मुजफ्फरपुर में और दोपहर बाद 12:45 बजे छपरा में जनता-जनार्दन से संवाद का सौभाग्य मिलेगा। मुझे विश्वास है कि विधानसभा चुनाव में एक बार फिर राज्य के मेरे भाई-बहन महाविजय का शंखनाद करेंगे।’’
पटना में रोड शो कार्यक्रम
पीएम मोदी का आगामी 2 नवंबर को पटना में एक बड़ा रोड शो होने वाला है। इस रोड शो को लेकर प्रशासनिक स्तर की तैयारियां हो रही हैं। पीएम मोदी के इस रोड शो का पहले चरण के मतदान से ठीक पहले हो रहा है। पीएम मोदी के इस रोड शो को शहरी मतदाताओं को साधने के तौर पर देखा जा रहा है।
राहुल गांधी पर बरसे अमित शाह
वहीं, पीएम मोदी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घेरा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पीएम मोदी पर अपनी हालिया टिप्पणी और छठी मईया एवं उनके भक्तों का अपमान करने की ‘‘कीमत चुकानी पड़ेगी।’’ गांधी की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कि प्रधानमंत्री मोदी वोट के लिए "नाच भी सकते हैं", शाह ने एक इंटरव्यू में कहा कि राहुल गांधी को चुनावों में इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। राहुल ने मोदी के बारे में अपमानजनक तरीके से बात की और उनकी मां का अपमान किया, लेकिन जब भी उन्होंने ऐसा किया है, हर बार कीचड़ से कमल खिला है।
