लाइफस्टाइल

घर पर ऐसे बनाएं तुलसी का खास टोनर, एक्ने और ऑयली स्किन वालों के लिए उपासना वोहरा ने बताया रामाबाण तरीका

ऑयली स्किन और मुंहासों से परेशान हैं तो डॉ. उपासना वोहरा का बताया तुलसी टोनर बनाने का आसान तरीका जानें। सिर्फ तुलसी की पत्तियों और पानी से तैयार इस घरेलू टोनर को इस्तेमाल करने का तरीका भी यहां पढ़ें।

Image

Homemade Tulsi Toner for acne oily skin

Acne Home Remedy, Tulsi Water Toner: चेहरे पर बार-बार तेल आना, छोटे-छोटे दाने निकलना और मुंहासों के पुराने निशान दिखना कई लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। खासकर जब मौसम बदलता है या प्रदूषण बढ़ता है, तो त्वचा की समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोग महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स खरीदने लगते हैं, लेकिन हर बार ज्यादा पैसे खर्च करना जरूरी नहीं है। घर में मौजूद कुछ चीजों से भी स्किन केयर की शुरुआत की जा सकती है।

तुलसी ऐसी ही एक जानी-पहचानी चीज है, जिसका इस्तेमाल लंबे समय से घरेलू देखभाल में किया जाता रहा है। डॉ. उपासना वोहरा ने अपने यूट्यूब वीडियो में ऑयली स्किन और मुंहासों की समस्या के लिए तुलसी से टोनर बनाने का आसान तरीका बताया है। इसे तैयार करने के लिए आपको केवल तुलसी की पत्तियों और पानी की जरूरत होगी। आइए जानते हैं इस टोनर को बनाने का तरीका और इस्तेमाल करने का सही तरीका।

तुलसी का टोनर बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

इस घरेलू टोनर को बनाने के लिए आपको ज्यादा सामग्री इकट्ठा करने की जरूरत नहीं है। इसे बनाने के लिए ताजी तुलसी की 6 से 7 मध्यम आकार की पत्तियां और लगभग 100 मिलीलीटर साफ पानी लें। कोशिश करें कि पत्तियां ताजी और साफ हों, ताकि उनमें धूल या गंदगी न रहे।

घर पर कैसे बनाएं तुलसी का नेचुरल टोनर

  • सबसे पहले एक साफ बर्तन में 100 मिलीलीटर पानी लें। इसमें तुलसी की 6 से 7 पत्तियां डालकर रातभर भीगने के लिए छोड़ दें।
  • अगली सुबह तुलसी की पत्तियों को उसी पानी के साथ मिक्सी में डालें और अच्छी तरह पीस लें। अब तैयार मिश्रण को किसी साफ छन्नी से छान लें। इससे पत्तियों के बचे हुए टुकड़े अलग हो जाएंगे और आपको तुलसी का पानी मिल जाएगा।
  • इस पानी को एक साफ स्प्रे बोतल में भर लें। आपका घर पर बना तुलसी वाटर टोनर तैयार है। इसे बनाना आसान है और इसके लिए बाजार से महंगे प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत भी नहीं पड़ती।

चेहरे पर तुलसी का टोनर कैसे लगाएं?

इस टोनर का इस्तेमाल रात में सोने से पहले किया जा सकता है। सबसे पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद तुलसी के पानी को चेहरे पर स्प्रे करें और उंगलियों की मदद से हल्के हाथों से थपथपाएं। वीडियो में बताए गए तरीके के अनुसार, इसे रातभर चेहरे पर लगा रहने दें और सुबह सामान्य पानी से चेहरा धो लें।

हालांकि, हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है। इसलिए चेहरे पर इस्तेमाल करने से पहले हाथ के छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर करें। जलन, खुजली या लालिमा होने पर इसका इस्तेमाल बंद कर दें।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article