इलेक्शन

राजस्थान के चूरू में गरजे पीएम मोदी, कहा- यह नया भारत है, घर में घुसकर मारता है

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 5, 2024, 04:44 PM IST

पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सेना ने जब सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक की थी, तब इसी घमंडिया गठबंधन के लोग हमारी सेना से शौर्य के सबूत मांग रहे थे।

Image

पीएम मोदी की चुरू रैली

Photo : ANI

PM Modi Rally in Churu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के चूरू पहुंचे और देश की सीमाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया। पीएम मोदी ने यहां भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार देवेंद्र झाझड़िया के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों ने हमारे जवानों के हाथ बांधकर रखे थे। लेकिन, हमारी सरकार ने सीमा पर सेना को पलटवार करने की खुली छूट दी। आज दुश्मनों को पता है, ये नया भारत है और ये घर में घुसकर मारता है।

कहा, कांग्रेस ने उठाए सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल

पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सेना ने जब सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक की थी, तब इसी घमंडिया गठबंधन के लोग हमारी सेना से शौर्य के सबूत मांग रहे थे। सेना का अपमान, देश का विभाजन- ये कांग्रेस की पहचान है। जब तक इंडी अलायंस के लोग सत्ता में रहे, इन्होंने हमारे जवानों के हाथ बांधकर रखे। दुश्मन हम पर हमला करके चला जाता था। ये जवानों को जवाब देने की इजाजत नहीं देते थे। हमारे जवान 'वन रैंक-वन पेंशन' की मांग करते थे, कांग्रेस ने इसे भी कभी पूरा नहीं होने दिया। हमारी सरकार बनी तो हमने सैनिकों को 'वन रैंक-वन पेंशन' का अधिकार दिया और सीमा पर पलटवार करने की खुली छूट भी दी। आज दुश्मनों को भी पता है कि यह नया भारत है यह नया भारत घर में घुसकर मारता है।

सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा...

उन्होंने कहा कि इससे पहले मैं 26 फरवरी, 2019 में चूरू आया था, तो उसी समय देश ने बालाकोट में एयर स्ट्राइक की थी। हमने आतंकियों को सबक सिखाया था तब मैंने चूरू की धरती पर जो शब्द कहे थे, वो मैं आज फिर दोहराता हूं। तब मैंने कहा था - सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं रुकने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा। मेरा वचन है भारत मां को, तेरा शीश नहीं झुकने दूंगा।

14 फरवरी 2019 को पुलवामा हमला

बता दें कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में सैनिकों का काफिला गुजर रहा था, तब जैश के आतंकी आदिल अहमद डार ने विस्फोटक से भरी कार को सीआरपीएफ जवानों की बस से टक्कर मारी। इसके बाद एक जोरदार ब्लास्ट हुआ। इस हमले में देश की सेना के 40 जवान शहीद हो गए थे। पुलवामा हमले के ठीक 12 दिन बाद भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में एयर स्ट्राइक की थी, जिसमें जैश-ए-मोहम्मद के कई ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया था।

राम मंदिर का जिक्र करते हुए विपक्ष को घेरा

इसके अलावा पीएम मोदी ने राम मंदिर का जिक्र करते हुए विपक्ष को जमकर खरी-खरी सुनाई। उन्होंने कहा कि देशहित से भी ज्यादा कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण को प्राथमिकता दी है। ये लोग तुष्टिकरण के लिए किस हद तक जा सकते हैं, यह देश ने देखा है। ये वो लोग हैं, जिन्होंने कोर्ट में जाकर कहा था कि प्रभु श्रीराम काल्पनिक हैं। अभी कुछ महीने पहले ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर का सपना पूरा हुआ। पूरा देश प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मना रहा था, लेकिन कांग्रेस पार्टी खुलेआम हमारी आस्था का अपमान कर रही थी। देश ने कांग्रेस के पापों की हमेशा कीमत चुकाई है।

पता नहीं कब राम-राम हो जाए...

एक पत्रकार ने मुझे बताया कि कांग्रेस पार्टी ने एक एडवाइजरी निकाली है और एडवाइजरी भी इतने डरे-डरे निकाली है। उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं से कहा है कि अगर अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर की चर्चा निकल पड़े तो मुंह पर ताला लगा लेना। कुछ मत बोलना। उनको लगने लगा है कि अगर राम का नाम लिया तो पता नहीं कब राम-राम हो जाए। (IANS और ANI इनपुट)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article