इलेक्शन

'बिहार चुनाव लड़ेंगी भोजपुरी स्टार पवन की पत्नी ज्योति', बातों ही बातों में ससुर रामबाबू का छलका दर्द

Bihar Elections 2025: भोजपुरी कलाकार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। पवन सिंह के ससुर रामबाबू सिंह ने कहा कि ज्योति सिंह का बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ना तय है। उन्होंने कहा कि वह किस सीट से लड़ेंगी, यह अभी तय नहीं हुआ है।

Image

भोजपुरी स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति (फाइल फोटो)

Bihar Elections 2025: भोजपुरी कलाकार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है, लेकिन अभी यह तय नहीं है कि वह किसी राजनीतिक दल से चुनावी मैदान में उतरेंगी या निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगी। ज्योति सिंह के पिता रामबाबू सिंह ने रविवार को यह घोषणा की।

पवन के ससुर ने क्या कुछ कहा

पवन सिंह के ससुर रामबाबू सिंह ने यहां अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत में घोषणा की कि ज्योति सिंह बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगी। सिंह ने कहा कि ज्योति सिंह का बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ना तय है। उन्होंने कहा, ‘‘वह किस सीट से लड़ेंगी, यह अभी तय नहीं हुआ है। वह किसी राजनीतिक दल से मैदान में उतरेंगी या निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी, अभी यह भी निश्चित नहीं है।’’

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि लोग चाहते हैं कि वह बिहार की कराकट सीट से चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि लोकसभा के पिछले चुनाव में जब ज्योति सिंह ने पवन सिंह के लिए प्रचार किया था, तब उनका कराकट के लोगों से एक खास संबंध विकसित हो गया था। रामबाबू सिंह ने अपने दामाद पवन सिंह पर ‘‘झूठ बोलने और निष्ठुरता’’ का आरोप लगाया है।

ससुर रामबाबू का छलका दर्द

उन्होंने कहा कि उन्होंने पवन सिंह के ‘‘पैर पकड़कर’’ उनसे ज्योति को अपनाने की भीख मांगी थी, लेकिन जवाब में पवन सिंह की तरफ से उन्हें सिर्फ अदालत का रास्ता दिखाया गया। उन्होंने कहा कि पवन सिंह का जब तक ज्योति सिंह से तलाक नहीं हो जाता, तब तक कानून के अनुसार वह भोजपुरी कलाकार के साथ रहने का अधिकार रखती है और आगे का फैसला अदालत करेगी। उल्लेखनीय है कि पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने पिछले दिनों जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर से मुलाकात की थी ।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article