Pappu Yadav: पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने महागठबंधन में चल रही अंदरूनी खींचतान और सीट बंटवारे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। इसके साथ ही उन्होंने कथित तौर पर अफाक आलम और राजेश राम के के वायरल ऑडियो पर भी अपनी बात रखी। ऑडियो में लगे आरोपों पर उन्होंने कहा कि अगर फैसले लेने की जिम्मेदारी उनकी होती, तो उन्हें एक भी सीट नहीं मिलती। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी की तारीफ करते हुए कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र दल है जो अब भी मूल्यों और सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है और गठबंधन धर्म का पालन कर रही है।
वायरल ऑडियो पर प्रतिक्रिया
हाल ही में वायरल हुए ऑडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कस्बा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अफाक आलम पर निशाना साधा उन्होंने कहा, “जिसका ऑडियो वायरल हो रहा है, उसे तो राजनीति में उंगली पकड़कर चलना सिखाया था। राज्यसभा चुनाव के दौरान अफाक आलम ने पैसे लेकर क्रॉस वोटिंग की थी, जिससे कांग्रेस पार्टी नाराज हुई थी।” उन्होंने आरोप लगाया कि अफाक आलम की करतूतों ने गठबंधन की साख पर सवाल खड़े किए हैं।
क्या है वायरल क्लिप में
बता दें कि कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी के अंदर मचे असंतोष के बीच अब एक वायरल ऑडियो क्लिप ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। ऑडियो में कथित तौर पर पूर्णिया जिले की कस्बा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अफाक आलम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। इस ऑडियो में राजेश राम यह भी कहते हुए सुने जा सकते हैं कि इस मामले पप्पू यादव खेल कर रहे हैं। वह दावा करते हैं कि पप्पू यादव किसी दूसरे उम्मीदवार के लिए टिकट की लॉबिंग कर रहे हैं।
“कांग्रेस गरीब और जमीनी कार्यकर्ताओं को टिकट दे रही है”
पप्पू यादव ने कांग्रेस की टिकट नीति की तारीफ करते हुए कहा कि पार्टी ने इस बार उन कार्यकर्ताओं को मौका दिया है जो सच्चे मायनों में जमीनी स्तर पर काम करते हैं। कांग्रेस ने जिन वर्करों को टिकट दिया है, उनमें से कई के पास दो कट्ठा जमीन भी नहीं है। वे चप्पल पहनकर चुनाव लड़ रहे हैं। यह कांग्रेस की विचारधारा का प्रमाण है कि वह गरीबों और निचले तबके को आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस ने दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के नेताओं को टिकट देकर सही संदेश दिया है।
12 सीटों पर डबल उम्मीदवार, गठबंधन धर्म का उल्लंघन
महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने तेजस्वी यादव और अन्य दलों पर अप्रत्यक्ष रूप से हमला बोला। पप्पू यादव ने कहा कि 12 जगहों से डबल कैंडिडेट उतारे गए हैं, इससे गठबंधन कमजोर होता है। कांग्रेस को इस पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। जिस तरह से टिकट बांटे गए हैं, वह पूरी तरह से गलत है। टिकट वापस लेने की बात कही गई, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि महागठबंधन को मजबूत करने की बजाय भीतरघात और असहमति की राजनीति हो रही है, जिससे बिहार की जनता का सपना कमजोर पड़ रहा है। पप्पू यादव ने साफ कहा कि कांग्रेस ही अकेली पार्टी है जो गठबंधन की मर्यादा निभा रही है।
“प्रशांत किशोर की जनसुराज की कहीं चर्चा नहीं”
राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर (PK) के बयान पर भी पप्पू यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। प्रशांत किशोर ने कहा था कि “यह चुनाव जनसुराज और NDA की लड़ाई रह गई है”, जिस पर पप्पू यादव ने पलटवार किया। पप्पू बोले कि “जनसुराज की कहीं चर्चा नहीं है, केवल गाली में उनकी चर्चा है।”
