West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की लड़ाई अब अपने आखिरी चरण में है। ऐसे में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों ही पार्टियां एक के बाद एक रैलियां और रोड शो कर रही हैं और फायरब्रांड नेता मतदाताओं को लुभाने में जुटे हुए हैं। इस बीच, भाजपा सांसद रवि किशन ने हावड़ा में शनिवार को ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि उनके आराम करने का अब समय आ गया है।
'5 मई के बाद नया सूर्योदय होगा'
भाजपा सांसद ने कहा कि बंगाल में 5 मई के बाद नया सूर्योदय होगा। उन्होंने कहा कि हम बिहार और उत्तर प्रदेश से अलग-अलग मछलियां लाकर सबके कुएं में डालेंगे... जो और जितनी मछली खाना है, खाओ। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में रवि किशन ने कहा, ''4 मई को रामराज्य आएगा। भाजपा की सरकार आ रही है, और इसे कोई नहीं रोक सकता। अत्याचार, भ्रष्टाचार और पाप का अंत होगा, और रामराज्य का सूर्योदय होगा।''
रवि किशन ने आगे कहा कि 4 मई वह दिन है जब बंगाल और बंगालियों के खिलाफ हो रहे उत्पीड़न का अंत होगा। 5 मई के बाद, एक नया सूर्योदय होगा...। ममता बनर्जी के पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ''दीदी के आराम करने का समय अब आ गया है। अब बंगाली जाग गया है... बंगाल अपने लिए और अपने अस्तित्व को बचाने के लिए वोट कर रहा है।''
रवि किशन ने शनिवार को एक के बाद एक दो रोड शो और तीन जनसभाएं कीं। उन्होंने राजारहाट न्यू टाउन विधानसभा में एक रोड शो एवं जनसभा, मेटिया बुरुत विधानसभा में एक जनसभा और हावड़ा में एक रोड शो एवं जनसभा को संबोधित किया। सनद रहे कि बंगाल में पहले चरण के मतदान संपन्न हो चुके हैं और दूसरे और आखिरी चरण के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी, जबकि 4 मई को चुनावी परिणाम सामने आएंगे।
