इलेक्शन

'नीतीश नहीं, मैं हूं इंडिया गठबंधन का सूत्रधार, मेरी वजह से बना अलायंस' खरगे का बड़ा दावा

Mallikarjun Kharge : बात-बात में खरगे ने नीतीश के गठबंधन छोड़ने पर खुशी का इजहार किया है। उन्होंने कहा कि 'अच्छा हुआ कि नीतीश कुमार शादी से पहले निकल गए। शादी के बाद जाते तो ज्यादा नुकसान होता। गठबंधन में अब नीतीश कुमार की कोई भूमिका नहीं है।'

Image

पटना में 22 जून 2023 को हुई थी विपक्षी नेताओं की बैठक।

India Alliance : इंडिया गठबंधन को खड़ा करने में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुख्य भूमिका रही है। वह इस गठबंधन के सूत्रधार माने जाते रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सामना करने और उसे चुनौती देने के लिए उन्होंने देश भर में दौरा कर विपक्षी नेताओं से मुलाकात की और उन्हें एक मंच पर आने के लिए तैयार किया। इसमें उन्हें सफलता भी मिली। नीतीश के बुलावे पर ही विपक्षी नेताओं की पहली बैठक 22 जून 2023 को पटना में हुई। इंडिया गठबंधन के सूत्रधार नीतीश हैं, इस बात को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अब खारिज कर दिया है।

पटना की बैठक मेरे सलाह पर हुई-खरगे

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक खरगे ने कहा है कि उनकी सलाह पर ही नीतीश ने पटना में विपक्षी नेताओं की बैठक बुलाई। ऐसे में नीतीश कुमार का दावा बेबुनियाद है कि इंडिया गठबंधन को किसने बनाया। समाचार पत्र 'हिंदुस्तान' के साथ बातचीत में कहा कि पहली बैठक कहां हो इस पर विपक्ष के नेताओं के साथ उनकी और राहुल गांधी की बात हुई। इसके बाद उन्होंने नीतीश कुमार को सलाह दी की पहली बैठक पटना में होनी चाहिए। इस बैठक के लिए उन्होंने विपक्ष के दूसरे नेताओं को पटना आने के लिए तैयार किया। इंडिया गठबंधन के लिए कांग्रेस ने बहुत काम किया है।

अच्छा हुआ शादी से पहले चले गए-कांग्रेस अध्यक्ष

बात-बात में खरगे ने नीतीश के गठबंधन छोड़ने पर खुशी का इजहार किया है। उन्होंने कहा कि 'अच्छा हुआ कि नीतीश कुमार शादी से पहले निकल गए। शादी के बाद जाते तो ज्यादा नुकसान होता। गठबंधन में अब नीतीश कुमार की कोई भूमिका नहीं है।'

इंडिया नाम पर ममता ने जाहिर की थी नाराजगी

बता दें कि इस गठबंधन को इंडिया नाम देने पर इस ब्लॉक में शामिल नेताओं का अंतर्कलह भी सामने आया। खासतौर से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और नीतीश कुमार ने इस पर नाराजगी जाहिर की। दोनों नेताओं ने कहा कि नाम तय करने को लेकर उनसे कोई सलाह-मशविरा नहीं किया गया। ममता ने यहां तक कहा कि यह नाम गठबंधन के लिए ठीक नहीं था। इस गठबंधन में 41 राजनीतिक दल शामिल हैं।

यह सामान्य चुनाव नहीं-खरगे

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दिन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को जारी मतदान के बीच मतदाताओं से अपील की कि वे संविधान बचाने और समावेशी विकास के लिए अपने वोट का इस्तेमाल करें। खरगे ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ‘हम, भारत के लोग’-भारत के संविधान की यह आत्मा मतदान के लिए बटन दबाने से पहले आपके दिल और दिमाग में गूंजनी चाहिए। यह मत भूलिए कि यह कोई सामान्य चुनाव नहीं है। यह लोकतंत्र को तानाशाही के चंगुल से बचाने का चुनाव है।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article