इलेक्शन

'बिहार में 160 से ज्यादा सीटें जीतेंगे, बाकी महागठबंधन में बंटेंगी', NRC पर शाह ने टाइम्स नाउ नवभारत से कही बड़ी बात

महागठबंधन के 'फ्रेंडली मुकाबले' पर तंज कसते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सीट बंटवारे पर राजद और कांग्रेस में केवल मनमुटाव और गतिरोध ही उभरकर सामने नहीं आया बल्कि वहां सिर फुटौव्वल के हालात बन गए। ये आपस में लड़ रहे हैं। शाह ने दावा किया कि बिहार में महागठबंधन की 'फ्रेंडली फाइट' केवल 11 सीटों पर नहीं बल्कि यह 62 सीटों पर है।

Image

बिहार चुनाव पर टाइम्स नाउ नवभारत के साथ खास बातचीत करते गृह मंत्री अमित शाह।

Amit Shah Interview: बिहार चुनाव में गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा दावा किया है। टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ बातचीत में उन्होंने बिहार चुनाव में 160 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में NDA 160 से ज्यादा सीटें जीतेगा और बाकी बची सीटें महागठबंधन में बंटेंगी। बिहार में त्रिकोणीय लड़ाई के सवाल पर गृह मंत्री ने बेबाकी से कहा कि राज्य में त्रिकोणीय नहीं बल्कि बाइसकोणीय लड़ाई है। 22 राजनीतिक दल चुनाव लड़ रहे हैं और इस बाइस में हम भी शामिल हैं।

महागठबंधन के 'फ्रेंडली मुकाबले' पर कसा तंज

महागठबंधन के 'फ्रेंडली मुकाबले' पर तंज कसते हुए शाह ने कहा कि सीट बंटवारे पर राजद और कांग्रेस में केवल मनमुटाव और गतिरोध ही उभरकर सामने नहीं आया बल्कि वहां सिर फुटौव्वल के हालात बन गए। ये आपस में लड़ रहे हैं। शाह ने दावा किया कि बिहार में महागठबंधन की 'फ्रेंडली फाइट' केवल 11 सीटों पर नहीं बल्कि यह 62 सीटों पर है। चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें देने पर शाह ने कहा कि लोकसभा में उनके पांच सांसद हैं, इस आधार पर उन्हें सीटें दी गई हैं। घुसपैठ के बारे में उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि देश में घुसपैठ रुके। बंगाल सीमा पर स्थित है। जिन लोगों ने अपना पहचान देने से इंकार किया, ऐसा लगता है कि उनके पास वैध दस्तावेज नहीं हैं।

NRC कब होगा, समय आने पर बताएंगे-गृह मंत्री

शाह ने आगे 'कहा कि देश में एसआईआर 1955 से चल रहा है। यह 2004 तक चला है और यह ज्यादातर कांग्रेस की सरकार के समय हुआ। इसमें कोई नई बात नहीं है। मतदाता सूची चुनाव आयोग तैयार करेगा। जो इसमें नहीं आएगा उसके बारे में चुनाव आयोग के साथ बैठकर हम मीमांसा करेंगे। एनआरसी कब होगा, समय आने पर इसके बारे में भी हम बताएंगे।'

'कांग्रेस शुरू से ही पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा बोलती आई है'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जन खरगे और सांसद राहुल गांधी के पीएम मोदी पर 'अभद्र' टिप्पणियों के बारे में शाह ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती आई है। एक समय मणिशंकर अय्यर जैसे नेता अभद्र भाषा बोला करते थे लेकिन जनता ने इसका जवाब दिया। शाह ने कहा, 'आप हमारे पीएम और भाजपा पर जितना कीचड़ उछालोगे, कमल और खिलकर बाहर आएगा।' कुछ दिनों पहले राहुल गांधी ने बिहार में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी वोटों के लिए मंच पर 'नाच' भी सकते हैं। सोमवार को खरगे ने कहा कि 'पीएम मोदी बिहार में ऐसे घूम रहे हैं मानो कि उनके बेटे की शादी हो।'

राहुल-खरगे को बिन मांगे सलाह देता हूं-शाह

शाह ने आगे कहा कि इस देश में मनमोहन सिंह जब पीएम थे तो वह प्रचार नहीं कर पाते थे। इसे कांग्रेस और कुछ पत्रकारों ने फैशन बना दिया। पीएम से अच्छा अपनी बातों और घोषणाओं को बेहतर तरीके से और कौन रख सकता है। वह सरकार के मुखिया हैं। चुनाव में उन्हें लोग वोट देते हैं। लोगों से संपर्क करना हर राजनीतिक पार्टी की जिम्मेदारी है। राहुल और खरगे जी को सलाह देता हूं कि वे अभद्र भाषा का इस्तेमाल जितना अधिक करेंगे, कमल उतना ज्यादा खिलेगा।

Alok Rao
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article