इलेक्शन

विधानसभा उपचुनावों में हुई कई ऐतिहासिक पहलों की शुरुआत, मोबाइल रखने के लिए विशेष व्यवस्था

चार राज्यों की पांच सीटों पर हुए उपचुनाव में पहली बार सभी मतदान केंद्रों की शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग की गई। पूरी वेबकास्टिंग की अधिकारियों द्वारा निगरानी भी की गई।

Image

चार राज्यों में विधानसभा उपचुनाव संपन्न (फाइल फोटो)

Photo : PTI

चुनाव आयोग ने गुरुवार को चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कई ऐतिहासिक पहलों की शुरुआत की, जो भविष्य में चुनावों में अधिक पारदर्शिता लाने और मतदाताओं के अनुभव को बेहतर बनाने की नींव साबित होंगी। गुजरात की काडी और विसावदर, पंजाब की लुधियाना पश्चिम, केरल की नीलांबुर और पश्चिम बंगाल की कालीगंज विधानसभा सीटों पर गुरुवार को वोट डाले गए।

मोबाइल डिपॉजिट सुविधा की शुरुआत

चुनाव आयोग ने बताया कि इन चुनावों में पहली बार मतदाताओं के लिए मोबाइल डिपॉजिट सुविधा की शुरुआत की गई है। मोबाइल फोन लोगों के जीवन का अहम हिस्सा बन चुके हैं और मोबाइल लेकर मतदान केंद्र पर जाने की मनाही से ऐसे लोगों को वोट डालने में परेशानी हो रही थी जो ऑफिस या काम पर निकलते समय वोट डालने की इच्छा रखते थे। आयोग ने बताया कि महिलाओं, बुजुर्गों और विकलांग लोगों को भी मोबाइल फोन रखने में परेशानी होती थी। वॉलंटियर्स की मदद से हर मतदान केंद्र के बाहर मोबाइल फोन रखने की व्यवस्था की गई थी।

वोटर टर्नआउट के अपडेशन में सुधार

दूसरा बदलाव वोटर टर्नआउट के अपडेशन से संबंधित है। इसमें सुधार किया गया है। पिछले कुछ चुनावों में मतदान समाप्त होने के बाद मतदान के अंतिम आंकड़े जारी करने में हुई घंटों की देरी को लेकर चुनाव आयोग को काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी और उस पर पक्षपात के आरोप लगे थे। कई मौकों पर मतदान के अगले दिन भी ये आंकड़े जारी होते थे। आयोग ने बताया कि अपग्रेडेड वोटर टर्नआउट शेयर करने की प्रक्रिया के बाद अब पीठासीन अधिकारी मतदान केंद्र छोड़ने से पहले अंतिम आंकड़े ऐप में अपडेट कर सकेंगे।

मतदान केंद्रों की शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग

निर्वाचन आयोग ने बताया कि गुरुवार को हुए चुनावों में पहली बार सभी मतदान केंद्रों की शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग की गई। पूरी वेबकास्टिंग की अधिकारियों द्वारा निगरानी भी की गई। रिटर्निंग अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी और राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों ने पूरी मतदान प्रक्रिया की निगरानी की।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article