पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट सबसे हॉट बन गई है। यहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी के दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी के बीच सीधी टक्कर होनी है। सुवेंदु इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से ममता बनर्जी को हरा चुके हैं। एक शीर्ष नेता बनाम एक पूर्व सहयोगी - यही वह पटकथा थी, जो पिछले विधानसभा चुनाव में बंगाल के नंदीग्राम में नाटकीय परिणामों के साथ सामने आई थी। नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी से मिली हार की वजह से ममता बनर्जी को भवानीपुर से उपचुनाव लड़ना पड़ा था। इस बार फिर ममता बनर्जी का सामना सुवेंदु अधिकारी से होने जा रहा है।
ममता बनर्जी बनाम सुवेंदु अधिकारी
2021 के चुनाव में नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी को पूरा भरोसा है कि वह भवानीपुर से भी ममता बनर्जी को हरा देंगे। ममता बनर्जी भवानीपुर से चुनाव मैदान में उतर चुकी हैं। 17 मार्च को टीएमसी की लिस्ट में ममता बनर्जी को भवानीपुर से प्रत्याशी बनाया गया। उससे पहले 16 मार्च को सुवेंदु को भवानीपुर से मैदान में उतारकर बीजेपी, ममता बनर्जी पर दबाव बढ़ाने की रणनीति पर आगे बढ़ गई है।
ममता के खिलाफ बीजेपी का चक्रव्यूह
सुवेंदु अधिकारी को भवानीपुर से लड़ाने का बीजेपी का मुख्य मकसद ममता बनर्जी को उनके अपने ही निर्वाचन क्षेत्र में ही उलझाए रखना है। चूंकि ममता ही टीएमसी का सबसे बड़ा चेहरा हैं, अपनी पार्टी की स्टार प्रचारक हैं और पूरी पार्टी उनके दमखम पर चलती है, इसलिए माना जा रहा है कि बीजेपी की रणनीति यह है कि सुवेंदु अधिकारी के मैदान में होने से ममता बनर्जी को भवानीपुर में ज्यादा समय देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिससे बाकी बंगाल में उनके प्रचार पर असर पड़ेगा। इस तरह पश्चिम बंगाल के चुनाव में एक बार फिर हाइवोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है।
