Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बिहार में NDA के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। वह चिराग पासवान के गढ़ जमुई में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। एनडीए के सहयोगी दल एलजेपी-रामविलास ने जमुई लोकसभा सीट से चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती को मैदान में उतारा है। बिहार के अलावा पश्चिम बंगाल में भी PM मोदी जनसभाएं करने वाले हैं। पीएम मोदी के साथ जमुई के मंच पर सीएम नीतीश कुमार सहित एनडीए के तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे। साथ ही पीएम मोदी सात अप्रैल को एक फिर बिहार आएंगे। वह सात अप्रैल को नवादा में जनसभा करेंगे।
उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को तमिलनाडु में दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। यात्रा के दौरान गृह मंत्री राज्य की पांच लोकसभा सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। वह चार रोड शो और एक चुनावी सभा में हिस्सा लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के पिथौरागढ़ और विकास नगर में जनसभा करेंगे। उसी दिन वह देहरादून में टिहरी गढ़वाल के लिए पार्टी की कोर कमेटी की बैठक करेंगे। शुक्रवार को पार्टी प्रमुख हरिद्वार में रोड शो करेंगे, वहां संतों से भी बातचीत करेंगे।
