Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर बिहार की राजनीति गर्म है। इस चुनाव में अब तक सबसे हॉट सीट पूर्णिया बनी हुई है। महागठबंधन में सीट बंटवारे के बाद यह सीट राजद के कोटे में भले ही चली गई हो, लेकिन हाल ही में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले पूर्व सांसद पप्पू यादव ने पूर्णिया से चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा थी। अब पप्पू यादव कार्यालय ने कहा कि, वो 04 अप्रैल यानि आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
बता दें, राजद ने पूर्णिया लोकसभा सीट पर जदयू से आयी बीमा भारती को उम्मीदवार बनाया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार बीमा भारती ने बुधवार को इस सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया था। पर्चा दाखिल करने के बाद बीमा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने आज अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। चुनाव लड़ना सभी का अधिकार है। वह पप्पू यादव से उनका समर्थन करने की अपील करती हैं। बीमा ने कहा कि इस सीट पर कोई संकट नहीं है।
राजद ने पूर्णिया सीट से बीमा भारती को बनाया अपना प्रत्याशी
इस बीच, पप्पू यादव ने 1 अप्रैल को लालू प्रसाद यादव से एक बार फिर गुहार लगाई थी। पप्पू ने राजद से पूर्णिया सीट कांग्रेस के लिए छोड़ने की अपील की थी। कांग्रेस में अपनी जन अधिकार पार्टी का विलय करने वाले पप्पू ने एक्स पर कहा था कि इस सीट पर उनका प्रस्तावित नामांकन अब दो अप्रैल की जगह चार अप्रैल को होगा। उन्होंने लालू यादव से इस सीट पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया था। पूर्णिया सीट राजद के हिस्से में है और उसने इस सीट से बीमा भारती को अपना प्रत्याशी बनाया है।
बता दें, 1996 में सपा की टिकट पर राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव यहां के सांसद बने थे। 1999 में पप्पू यादव निर्दलीय चुनाव लड़कर सांसद बने थे। 2004 और 2009 में भाजपा से उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह सांसद बने थे। पूर्णिया लोकसभा सीट के वर्तमान सांसद संतोष कुशवाहा हैं। 2014 में जदयू के टिकट पर वह चुनाव जीते थे। पिछले चुनाव में जदयू और भाजपा अलग-अलग लड़े थे। पप्पू सिंह की माता माधुरी सिंह पूर्णिया से दो बार कांग्रेस टिकट पर सांसद बन चुकी है। पूर्णिया लोकसभा संसदीय क्षेत्र के दायरे में कस्बा, बनमखनी, रुपौली, धमदाहा, पूर्णिया और कोढा विधानसभा सीटें आती हैं। साल 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में इन छह विधानसभा सीटों में से दो सीटें भाजपा, दो सीटें जदयू और दो सीटें कांग्रेस के खाते में गई थीं।
