Lok Sabha Election 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बिहार इकाई ने लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार के वास्ते शुक्रवार को गीत ‘मोदी संग बिहार’ सॉन्ग जारी किया। ‘मोदी संग बिहार’ शीर्षक वाला यह गीत राज्य में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डालता है। इसमें प्रधानमंत्री की गारंटी का भी जिक्र है।
भाजपा नेता विनोद तावड़े ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कई पार्टी नेताओं की उपस्थिति में यह प्रचार गीत जारी किया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में तावड़े ने कहा कि ‘इस प्रचार गीत को जारी करने के साथ ही हमने राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए औपचारिक रूप से अपना अभियान शुरू कर दिया है। अभियान और तेज होगा।’ उन्होंने कहा कि यह गीत इस बात पर प्रकाश डालता है कि कैसे प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों के सपनों को हकीकत में बदला है। तावड़े ने कहा कि ‘बिहार के लोग और पार्टी कार्यकर्ता केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के लिए तीसरा कार्यकाल सुनिश्चित करने की तैयारी कर रहे हैं।’
बीजेपी बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राज्य में बीजेपी की सबसे बड़ी सहयोगी जनता दल यूनाइटेड लोकसभा चुनाव में 16 सीटों पर लड़ेगी। चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पांच सीटों पर चुनाव लड़ेगी, और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे। इस तरह से बीजेपी बिहार में 40 लोकसभा सीटों पर चुनावी मैदान में है।
