Lok Sabha Election Trends: लोकसभा चुनाव 2024 के अबतक के रुझानों के अनुसार पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए तीसरी बार सत्ता में वापसी तो करते दिख रहा है, लेकिन राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन में भी शानदार प्रदर्शन किया है। अभी तक के ट्रेन्ड्स के अनुसार एनडीए 290 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए, जबकि इंडिया गठबंधन 220 सीटों से ज्यादा पर आगे है।
मजबूत विपक्ष
अब तक के रुझानों के मुताबिक भाजपा 542 सीटों में से 236 पर आगे है जबकि कांग्रेस ने 97 पर बढ़त बना रखी है। इन रुझानों के अनुसार भाजपा को काफी नुकसान होता दिख रहा है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी ने अपने दम पर 303 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस इस चुनाव में 52 सीटों पर सिमट गई थी। उसे इस चुनाव में खासी बढ़त मिलने के संकेत मिल रहे हैं। अगर नतीजे कमोबेश रुझानों के अनुरूप रहते हैं तो लोकसभा में राजग पहले के मुकाबले कमजोर स्थिति में रहेगा जबकि विपक्ष अब मजबूत भूमिका में दिख सकता है।
उत्तर प्रदेश में बीजेपी को सबसे ज्यादा नुकसान
राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन ने भाजपा को मजबूत टककर दी है। भाजपा जहां 36 सीटों पर आगे है जो कि पिछली बार के 62 सीटों से बहुत कम है वहीं समाजवादी पार्टी 33 सीटों के करीब है। साल 2019 के पांच सीटों के मुकाबले वह बहुत आगे है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों के अनुसार, पिछले चुनाव में सिर्फ एक सीट हासिल करने वाली कांग्रेस इस बार आठ सीटें जीत सकती है।
पश्चिम बंगाल में भी नुकसान
वहीं ‘इंडिया’ गठबंधन की प्रमुख सहयोगी तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में 29 सीटों पर आगे है। साल 2019 में 22 सीटों के मुकाबले सात सीटों की बढ़त हासिल करती दिख रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में 18 सीटों पर जीत हासिल करने वाली भाजपा फिलहाल 10 सीटों पर आगे है।
महाराष्ट्र में भी बीजेपी पिछड़ी
48 लोकसभा सीटों वाले महाराष्ट्र में शिवसेना इस बार दो धड़ों में बंटी हुई है। पांच साल पहले 23 सीटें जीतने वाली भाजपा 11 सीटों पर बढ़त हासिल किए हुए है जबकि उसकी सहयोगी शिवसेना छह सीटें जीत सकती है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस 11 सीटों पर आगे है जबकि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना 11 सीटों पर आगे है।
साउथ में कांग्रेस मजबूत
कर्नाटक के रुझानों के अनुसार कांग्रेस यहां लाभ की स्थिति में है। वह सात सीटों पर बढ़त में हैं जबकि 2019 में 25 सीटें पाने वाली भाजपा 19 पर आगे है। केरल के सुदूर दक्षिण भारत में भाजपा अपना खाता खोल सकती है। रुझानों के अनुसार उसे दो सीटें मिल सकती हैं। पिछली बार 15 सीटें पाने वाली कांग्रेस 13 पर आगे है। इसमें वायनाड भी शामिल है जहां से राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं। माकपा को एक सीट पर बढ़त हासिल है। तमिलनाडु एक बार फिर भाजपा को खारिज करता दिख रहा है। सत्तारूढ़ द्रमुक 20 और कांग्रेस आठ सीटों पर आगे है। उसका प्रदर्शन ठीक उसी तरह दिख रहा है, जैसा 2019 में था।
