इलेक्शन

Lok Sabha Election 2024: ओडिशा में BJP को झटका, पार्टी उपाध्यक्ष लेखाश्री ने इस्तीफा देकर थामा BJD का हाथ

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव और ओडिशा विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी को प्रदेश में बड़ा झटका लगा है। लेखाश्री सामंतसिंघर बीजेडी में शामिल हो गई हैं। लेखाश्री भृगु बक्सीपात्रा के बाद दूसरी भाजपा ओडिशा उपाध्यक्ष हैं जिन्होंने चुनाव से कुछ सप्ताह पहले बीजेपी से इस्तीफा दे दिया और बीजद में शामिल हो गई।

Image

ओडिशा में भाजपा को झटका, पार्टी उपाध्यक्ष लेखाश्री ने दिया इस्तीफा

Photo : Twitter

Lok Sabha Election 2024: ओडिशा में भाजपा को झटका देते हुए पार्टी की ओडिशा इकाई की उपाध्यक्ष लेखाश्री सामंतसिंघर ने इस्तीफा दे दिया है। लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले ये बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका है। लेखाश्री बीजू जनता दल (BJD) में शामिल हो गई हैं। ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल को लिखे अपने त्यागपत्र में लेखाश्री ने कहा कि नेतृत्व का विश्वास जीतने में नाकाम होने के कारण उन्होंने भाजपा छोड़ने का फैसला किया। लेखाश्री ने कहा कि मैंने पिछले दस वर्षों से भारतीय जनता पार्टी में अपना खून-पसीना बहाया है। हालांकि, पूरी ईमानदारी और कड़ी मेहनत के बावजूद, मैं नेतृत्व का विश्वास हासिल नहीं कर सकी। इसलिए, मुझे लगता है कि मेरे पास करने के लिए कुछ भी नहीं बचा है। इसके कारण ओडिशा के लोगों की सेवा करने की मेरी इच्छा पूरी नहीं हो रही है।

लेखाश्री पार्टी सांसद मानस मंगराज और सस्मित पात्रा की मौजूदगी में बीजद में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टी के लिए पसीना बहाने के बाद बदलाव करना मुश्किल है जिसने मेरी मेहनत को नहीं पहचाना। मुझे स्वीकार करने के लिए मैं बीजद को धन्यवाद देती हूं। मैं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की विकासात्मक गतिविधियों से प्रेरित हूं। मैं बीजद के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगी।

बता दें, बीजद ने अभी तक बालासोर लोकसभा सीट से अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है, इसलिए लेखाश्री को वहां से टिकट दिया जा सकता है। बीजद ने 2019 में राज्य की 21 लोकसभा सीटों के लिए सात महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। हालांकि, इस बार पार्टी ने अब तक केवल छह महिला उम्मीदवारों को उम्मीदवार बनाया है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article