Lok Sabha Election 2024 Poll Schedule Date: चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा 16 मार्च यानी कल करेगा। मतलब चुनावी बिगुल बज चुका है, देशभर में सियासी पारा काफी हाई है। आयोग ने चुनाव की तारीखों के ऐलान के बारे में जानकारी साझा करके राजनीतिक गलियारों का तापमान और बढ़ा दिया है। बता दें, निर्वाचन आयोग 16 मार्च, 2024 (शनिवार) को दोपहर तीन बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। इसी दौरान मतदान की तारीख, चुनावी परिणाम के लिए मतगणना की तारीख और अन्य शेड्यूल की जानकारी साझा की जाएगी।
16 मार्च को चुनावी तारीखों की घोषणा
भारतीय निर्वाचन आयोग ने ये जानकारी साझा की है कि आम चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) और कुछ राज्य विधानसभाओं के कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कल यानी 16 मार्च, 2024 को दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। इसे ECI के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा।
देशभर में लागू हो जाएगी आचार संहिता
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ 16 मार्च से ही देशभर में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगी। इसके बाद सरकार ऐसा कोई नीतिगत फैसला नहीं कर सकेगी जो मतदाताओं के फैसले को प्रभावित कर सके।
क्या था पिछले चुनाव का शेड्यूल?
लोकसभा चुनाव 2019 के लिए निर्वाचन आयोग ने 10 मार्च, 2019 को ही तारीखों की घोषणा कर दी थी। पिछली बार 7 चरणों में लोकसभा चुनाव कराए गए थे। 11 अप्रैल से 19 मई के बीच सात चरणों में चुनाव कराए गए थे और वोटों की गिननती 23 मई को हुई थी।
