Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव-2024 के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने अपना चुनाव प्रचार अभियान तेज कर दिया है। कांग्रेस जहां भाजपा के घोषणापत्र और पुराने वादों को निशाना बना रही है तो वहीं भाजपा भी कांग्रेस पर लगातार हमले कर रही है। इस बीच चुनाव आयोग भी इस बार एक्शन मोड में है। ताजा जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर की तमिलनाडु में चुनाव अधिकारियों ने तलाशी ली है। राहुल चुनाव प्रचार के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तमिलनाडु के नीलगिरी पहुंचे थे।
चुनाव अधिकारियों ने सोमवार को तमिलनाडु में उतरने के तुरंत बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर की तलाशी ली। राहुल गांधी ने मैसूर से नीलगिरी तक की यात्रा हेलीकॉप्टर से की थी। कांग्रेस नेता केरल में अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड जा रहे थे, जहां उनकी एक सार्वजनिक बैठक सहित कई कार्यक्रम की योजना है।
बता दें, इससे पहले रविवार को तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी के हेलीकॉप्टर पर आयकर विभाग ने छापा मारा और तलाशी ली थी। अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में TMC नेता अभिषेक बनर्जी ने खुद इस बात की जानकारी दी थी। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बताया था कि वह हेलीकॉप्टर से हल्दिया जाने वाले थे। इससे एक दिन पहले आयकर विभाग के अधिकारियों ने उनके हेलीकॉप्टर पर छापेमारी की थी। उन्होंने लिखा कि आज मेरे हेलिकॉप्टर और सुरक्षा कर्मियों की जांच हुई और छापेमारी की गई। लेकिन, कुछ भी नहीं मिला। जमींदार अपनी पूरी ताकत लगा सकते हैं, लेकिन बंगाल प्रतिरोध करता रहेगा, डिगेगा नहीं।
वहीं, तृणमूल सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने अभिषेक बनर्जी के ट्वीट पर लिखा कि क्या हताश लोगों को हेलीकॉप्टर पर कुछ फल और फिश सैंडविच मिले? पार्टी के एक और नेता साकेत गोखले ने इस पर लिखा कि अपनी हताशा में PM मोदी और अमित शाह अब चुनाव से ठीक 5 दिन पहले एक उम्मीदवार को स्वतंत्र रूप से प्रचार करने से रोकने के लिए आयकर विभाग का बेशर्मी से इस्तेमाल कर रहे हैं।
