West Bengal Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव-2024 के छठे चरण की वोटिंग शुरू होने से पहले कल रात एक तृणमूल नेता की मौत हो गई। मृतक का नाम शेख मैबुल (42) है। मृतक का घर महिषादल के बेतकुंडू में है। तृणमूल नेता की मौत का आरोप बीजेपी पर लगे हैं। बता दें, बेतकुंडु ग्राम पंचायत पर बीजेपी का कब्जा है। जानकारी के अनुसार, कल दोपहर मृतक की बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बहस के बाद झड़प हो गई। लहूलुहान हालत में मोइबुल को महिषादल के बासुलिया ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। वहां से तमलुक रेफर कर दिया गया है। वहां कल रात उनका निधन हो गया। इस घटना से इलाके में मातम छा गया। बीजेपी ने तृणमूल के आरोपों को खारिज कर दिया।
बीजेपी और TMC कार्यकर्ताओं के बीच हो चुकी है कई झड़पे
जानकारी के लिए बता दें, इससे पहले 22 मई की रात पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी। इसमें बीजेपी की एक महिला कार्यकर्ता की मौत हो गई थी, जबकि इसमें बीजेपी के सात कार्यकर्ता घायल भी हुए थे। इसके अलावा 20 मई को भी पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में बीजेपी उम्मीदवार अर्जुन सिंह और टीएमसी कार्यकर्ता के बीच झड़प की खबर सामने आई थी। इस झड़प का वीडियो भी वायरल हुआ था।
