इलेक्शन

चुनाव से पहले अखिलेश की सपा को कन्नौज में तगड़ा झटका, बड़ी तादाद में मुस्लिमों ने थामा भाजपा का दामन

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 9, 2024, 07:31 PM IST

Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को एक बार फिर तगड़ा झटका लगा है। यहां बड़ी संख्या में मुस्लिमों ने बीजेपी की सदस्यता ली। सभी ने एकसाथ कहा कि हम मोदी का परिवार हैं। वहीं अखिलेश ने कहा है कि लोकसभा चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने वाला है।

Image

कन्नौज में बढ़ी अखिलेश यादव की टेंशन।

Photo : Times Now Digital

UP Politics: अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी और मायावती की बहुजन समाज पार्टी को यूपी के कन्नौज में बड़ा झटका लगा है। सपा और बसपा छोड़कर यहां बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समाज के लोगों ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। सदर विधायक व राज्य मंत्री असीम अरुण की मौजूदगी में सभी को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कराई गई।

अखिलेश की सपा को कन्नौज में लगा तगड़ा झटका

कन्नौज में 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने समाजवादी पार्टी और बीएसपी के वोट बैंक के साथ बड़ा खेल कर दिया है। दावा किया जा रहा है कि कन्नौज से इस बार अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं, लेकिन इस बड़े झटके के बार उनकी टेंशन बढ़नी लाजमी है। क्योंकि कन्नौज शहर के मुस्लिम बाहुल्य इलाका जेरकिला मोहल्ला के लोग बड़ी संख्या में बीजेपी के साथ आ गए हैं।

बड़ी तादाद में अल्पसंख्यकों ने भाजपा में हुए शामिल

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान सपा और बसपा से जुड़े रहे लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसके बाद उन्होंने कहा कि वे समाजवादी पार्टी के गुंडों से परेशान थे, उन पर झूठे मुकदमे लगाए जा रहे थे और आखिरकार वो बीजेपी के साथ आ गए। कुरान का जिक्र करते हुए पीएम मोदी और सीएम योगी की तारीफ भी हुई। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों ने कहा कि जो लोग यह गलत कहते हैं कि भाजपा हमारी दुश्मन है इस तरीके की बात कहते हैं ऐसा नहीं है।

सदस्यता ग्रहण करने वाले मोहम्मद आदिल खान ने कहा कि हकीम बन कर आए जनाब मोदी जी जनाब योगी जी जो तुम्हारे सामने अच्छे हकीम बन कर आए उनकी बहुत दिल से मेहनत से इकत्वा करो तुम कोई दुस्बारी नहीं होगी।

संविधान और लोकतंत्र को बचाने वाला चुनाव: अखिलेश

वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को आगामी लोकसभा चुनाव को संविधान और लोकतंत्र को बचाने वाला चुनाव बताया। यादव ने यहां पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से कहा, 'यह संविधान बचाने का चुनाव है। यह लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। यह आरक्षण बचाने और अपना सम्मान बचाने का चुनाव है।' उन्होंने कहा, 'एक समय 'समुद्र मंथन' हुआ था। अब यह 'संविधान मंथन' का समय है। एक तरफ, वे लोग हैं जो संविधान की रक्षा करना चाहते हैं, और दूसरी तरफ, वे लोग हैं जो संविधान को खत्म करना चाहते हैं।'

ओम प्रकाश राजभर पर अखिलेश ने कसा तीखा तंज

सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भव्य स्वागत भी करती है और शानदार विदाई भी देती है। अखिलेश यादव ने कहा, 'जो लोग 2014 में (सत्ता में) आए थे, वे 2024 में (सत्ता से बाहर) जाने वाले हैं। कभी, 10 साल हिटलर का समय था। वह वहां 10 साल से ज्यादा नहीं रह सका। तो, अब इनके भी (स्पष्ट रूप से प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की ओर इशारा करते हुए) 10 साल भी पूरे हो गए हैं।' एडॉल्फ हिटलर दो अगस्त 1934 से 30 अप्रैल 1945 तक जर्मनी का फ्यूहरर था। वह 30 जनवरी 1933 से 30 अप्रैल 1945 तक जर्मनी के चांसलर रहा।

सपा प्रमुख ने नवनियुक्त मंत्री ओम प्रकाश राजभर (उनका नाम लिए बिना) पर कटाक्ष करते हुये कहा कि जब तक उन्हें विभाग आवंटित किया जाएगा और प्रमुख सचिव नियुक्त किया जाएगा, तब तक चुनाव हो जायेंगे। यादव ने यह भी दावा किया कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, देश में लगभग एक लाख किसान आत्महत्या कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर सपा सत्ता में आई तो वह एमएसपी के लिए कानूनी गारंटी देगी। यादव ने कहा , 'किसानों की मांगें जायज हैं। एमएसपी लागू हो और इसकी कानूनी गारंटी हो, क्योंकि खेती अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। अगर किसान और खेती बर्बाद हो जाएगी तो अर्थव्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ेगा।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article