Lok Sabha Election 2024: बिहार में लोकसभा की उन पांच सीट पर चुनाव प्रचार शनिवार को थम गया जिन पर चौथे चरण में 13 मई को मतदान होना है। राज्य में इस चरण में दो केंद्रीय मंत्रियों सहित 55 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। सोमवार को बेगूसराय और उजियारपुर में भी मतदान होना है, जिसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में क्रमशः ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय करते हैं। भाजपा के दोनों नेताओं की नजर अपनी-अपनी सीट बरकरार रखने पर है।
बेगूसराय, उजियारपुर और दरभंगा पर भाजपा का कब्जा
अन्य निर्वाचन क्षेत्र जहां मतदान होना है उनमें दरभंगा, समस्तीपुर और मुंगेर शामिल हैं। इन पांचों निर्वाचन क्षेत्रों में से तीन सीट बेगूसराय, उजियारपुर और दरभंगा वर्तमान में भाजपा के पास हैं। दरभंगा और मुंगेर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सबसे बड़े स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अलग-अलग रैलियों के बाद राजग इन सीट पर जीत को लेकर आशावादी है।
गिरिराज सिंह और ललन सिंह की किस्मत पर लगा दांव
मुंगेर सीट वर्तमान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) के पास है और प्रधानमंत्री द्वारा रैली को संबोधित किए जाने के दौरान उन्होंने गिरिराज को भी बुलाया था और उनके पक्ष में भी वोट मांगे थे। मुख्यमंत्री कुमार के करीबी सहयोगी जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुंगेर से मौजूदा सांसद हैं और वह अपनी सीट बरकरार रखने के लिए एकबार फिर चुनाव मैदान में हैं।
बेगूसराय में सीएम योगी और हिमंत ने की रैलियां
राजग सूत्रों ने कहा कि मोदी की आगामी रैलियों से गठबंधन की संभावनाओं को और बढ़ावा मिलने की उन्हें उम्मीद है। मोदी रविवार को पटना में एक रोडशो करेंगे और सोमवार को उनके कुछ अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है, जहां अगले चरणों में मतदान होना है। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी द्वारा आठ मई को एक चुनावी सभा को संबोधित किए जाने के बाद प्रचार अभियान के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जैसे नेताओं ने भी बेगूसराय में रैलियों को संबोधित किया।
समस्तीपुर में मल्लिकार्जुन खड़गे ने भरी हुंकार
भाजपा की बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष राय की नजर अपनी सीट से तीसरी बार जीत दर्ज करने पर है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके पक्ष में एक रैली को संबोधित किया था। इससे पहले शाह ने बेगूसराय में भी एक रैली को संबोधित किया था। चौथे चरण के प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने समस्तीपुर में एक रैली को संबोधित किया।
समस्तीपुर से शांभवी चौधरी को बनाया है उम्मीदवार
कांग्रेस को समस्तीपुर (आरक्षित) लोकसभा सीट पर अच्छा प्रदर्शन की उम्मीद है, जहां उसके युवा उम्मीदवार सनी हजारी का मुकाबला एक और नवोदित उम्मीदवार शांभवी चौधरी से है, जो चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के टिकट पर लड़ रही हैं। दोनों जदयू के वरिष्ठ नेताओं महेश्वर हजारी और अशोक चौधरी की संतान हैं। शांभवी चौधरी प्रधानमंत्री की दरभंगा रैली में मौजूद थीं। मोदी ने उनकी सराहना करते हुए दावा किया था कि वह राजग की सबसे युवा उम्मीदवार हैं।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने रीढ़ की हड्डी की चोट के बावजूद इन सभी पांच सीट पर अपना प्रचार जारी रखा। उक्त चोट के कारण उन्हें चलने में दिक्कत का सामना करना पड़ा था और कुछ मौकों पर उन्हें व्हीलचेयर का सहारा भी लेना पड़ा। हालांकि उन्होंने ऑर्थोपेडिक बेल्ट पहनकर प्रचार जारी रखने का फैसला किया।
