Bihar Elections 2025: बिहार में जैसे-जैसे मतदान की तारीख पास आ रही है ठीक वैसे ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पार्टियां एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही हैं। इसी कड़ी में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर जमकर निशाना साधा और दोनों नेताओं को बिहार की सभी परेशानियों की जड़ करार दिया।
प्रशांत किशोर ने जनता से की अपील
जनसुराज संस्थापक ने जनता से अपील की कि इस बार बिहार में 5 किलो आनाज, जाति, हिंदू-मुसलमान के लिए नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और बदलाव के लिए ही मतदान पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा, ''अगर अगले 10-15 दिनों में हालात नहीं बदले तो दूसरे राज्यों से आए बिहार के लोगों को वापस लौटना पड़ेगा। उन्हें चेन्नई, गुजरात, दिल्ली, मुंबई की फैक्टरियों में काम करना होगा और वहीं के हालात में रहना होगा।''
उन्होंने कहा कि अगर हालात सुधरते हैं और जनसुराग स्थापित होती है तो उन्हें दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हम उनसे अपील करते हैं कि वे वापस न लौटें और चुनाव खत्म होने तक बिहार में ही रहें। अगर वह फिर से लालू या नीतीश को वोट देते हैं तो उन्हें जानवरों की तरह ट्रेनों में सफर करते हुए वापस लौटना होगा... उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को तय करना होगा कि उन्हें फैक्टरी यहीं चाहिए या दूसरे राज्यों में... लालू और नीतीश ही बिहार की सारी परेशानियों की जड़ हैं।
