Kerala Assembly Election 2026: केरल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पलक्कड़ में रविवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और वाम दल पर निशाना साधा और भाजपा को एकमात्र वास्तविक दावेदार करार दिया। उन्होंने कहा कि वाम दल और कांग्रेस एक-दूसरे को 'बी-टीम' बताने का दावा कर रहे हैं, लेकिन दोनों मानते हैं कि केरल चुनाव में भाजपा ही एकमात्र वास्तविक दावेदार है।
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
पीएम मोदी ने कहा कि अब केरल के युवा, महिलाएं और किसान भाजपा तथा राजग के प्रति समर्थन में एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि केरल में बदलाव जनता के आशीर्वाद, भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों और उनके बलिदानों के कारण होगा। उन्होंने कहा कि घोटालों के बीच एलडीएफ और यूडीएफ दशकों तक सत्ता पर काबिज रहे, लेकिन कभी एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, जनता के सामने खोखले दावे करते रहे। उन्होंने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ दोनों ने स्वीकार किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा 'ए-टीम' है।
'कांग्रेस और वाम दल से सावधान रहें जनता'
पीएम मोदी ने कहा कि केरल में कांग्रेस और वामपंथी दल एक-दूसरे पर झूठे आरोप लगा रहे हैं और लोगों को दोनों दलों से सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद और आप सभी के सहयोग से हम केरल में सरकार बनाएंगे।
पश्चिम एशिया युद्ध पर भी खुलकर बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने रैली में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का भी उल्लेख किया और बताया कि वह लगातार वैश्विक नेताओं के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है कि पश्चिम एशिया युद्ध का भारत पर कम से कम प्रभाव पड़े। उन्होंने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद से मैं विश्व के नेताओं के संपर्क में रहा हूं; सभी देश संघर्ष क्षेत्रों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहे हैं।
