Jharkhand Result: झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों से बीजेपी को तो बड़ा झटका लगा ही है, साथ ही उन दलबदलूओं को भी झटका लगा है, जो चुनाव से पहले पाला बदलकर बीजेपी में शामिल हुए थे। बीजेपी में दूसरी पार्टियों ने आए नेताओं को बड़ी हार मिली है। अकेले चंपई सोरेन सिर्फ अपनी सीट बचा पाए हैं, वो भी सिर्फ अपनी, चंपई अपने बेटे को भी नहीं जीता पाए।
बीजेपी में आए दलबदलूओं का हाल
झामुमो-कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं में एकमात्र चंपई सोरेन अपनी सीट बचाने में सफल रहे, जबकि सीता सोरेन, गीता कोड़ा और लोबिन हेंब्रम चुनाव हार गए हैं। चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन भी घाटशिला सीट से चुनाव हार गए हैं।
बीजेपी में दिग्गजों के परिवार का हाल
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा पोटका सीट पर चुनाव हार गईं। पूर्व सीएम और ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहू पूर्णिमा साहू ने जमशेदपुर पूर्वी सीट पर जीत दर्ज की है। उन्होंने यहा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ अजय कुमार को पराजित किया है।
झारखंड नेता प्रतिपक्ष हारे
चंदनकियारी सीट पर विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष भाजपा के प्रत्याशी अमर कुमार बाउरी भी न सिर्फ चुनाव हार गए हैं, बल्कि तीसरे नंबर पर चले गए। यहां झामुमो के उमाकांत रजक ने जीत दर्ज की है।
आदिवासी इलाकों में बीजेपी को मिली बड़ी हार
भारतीय जनता पार्टी को इस बार भी अनुसूचित जनजाति यानी आदिवासी के लिए सुरक्षित सीटों पर जबरदस्त शिकस्त मिली है। ऐसी कुल 28 सीटों में से मात्र एक सरायकेला की सीट भाजपा के हिस्से आई है, जहां पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने जीत हासिल की है।
