इलेक्शन

इंदौर में रिकॉर्ड 'NOTA' के बीच खिला 'कमल', भाजपा प्रत्याशी लालवानी 10 लाख से अधिक वोटों से जीते

Indore Lok Sabha Seat Results: मध्य प्रदेश की इंदौर संसदीय सीट पर 'कमल' ने किसी को आश्चर्यचकित नहीं किया, लेकिन नोटा ने जरूर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी को 12 लाख से ज्यादा वोट मिले हैं, जबकि नोटा पर रिकॉर्ड डेढ़ लाख से ज्यादा वोट पड़े हैं।

Image

भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी (फाइल फोटो)

Photo : Twitter

Indore Lok Sabha Seat Results: मध्य प्रदेश में भाजपा ने अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस के गढ़ छिंदवाड़ा में भी 'कमल' खिला है, लेकिन एक और रिकॉर्ड मध्य प्रदेश वासियों ने बनाया है। यह रिकॉर्ड इंदौर लोकसभा सीट में दर्ज किया गया, जहां भाजपा के उम्मीदवार ने रिकॉर्ड जीत तो दर्ज की है। साथ ही मतदाताओं ने सबसे ज्यादा नोटा (NOTA) का इस्तेमाल किया।

पहले से तय था रिजल्ट

इंदौर का रिजल्ट पहले से ही तय माना जा रहा था, क्योंकि शह और मात के खेल में यहां पर भाजपा के सामने कोई बड़ा चेहरा नहीं था। कांग्रेस उम्मीदवार ने पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था। जिसको लेकर भाजपा की आलोचना तो हो ही रही थी, परंतु मतदाताओं में भी नाराजगी देखने को मिली। हालांकि, लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है और जनता ने ही भाजपा उम्मीदवार 'शंकरलाल लालवानी' के सिर पर जीत का सेहरा बांधा हैं।

भाजपा ने रिकॉर्ड मतों से दर्ज की जीत

भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी ने इंदौर से रिकॉर्ड मतों में जीत दर्ज की। शंकर लालवानी ने 12,26,751 वोट हासिल किए। उन्होंने रिकॉर्ड 10,08,077 मतों से जीत दर्ज की, जबकि उम्मीदवारों के मामले में दूसरे नंबर पर रहे बहुजन समाज पार्टी (BSP) के उम्मीदवार संजय लक्ष्मण सोलंकी को महज 51,659 वोट मिले। वहीं, तीसरे स्थान पर अखिल भारतीय परिवार पार्टी के उम्मीदवार पवन कुमार थे, जिन्हें महज 15,210 मत मिले हैं।

इंदौर के लाखों मतदाता नाराज

भारत की दूसरी महिला स्पीकर सुमित्रा महाजन की बुलंद आवाज का प्रतिनिधित्व कर चुकी इंदौर सीट ने इस बार नाराजगी भी देखी। भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी के बाद सर्वाधिक वोट नोटा पर ही गिरे। इंदौर में नोटा को 2,18,674 वोट मिले।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article