Bihar Assembly Election 2025: बिहार चुनाव में समस्तीपुर से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस दोनों पर हमला बोला। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि 'ये जमानत पर चलने वाले लोग हैं।' एनडीए की सरकार ही विकास करती है। इस सरकार में बिहार नई रफ्तार के साथ चलेगा और बिहार में फिर सुशासन वाली सरकार होगी। पीएम ने कहा कि कुछ लोग संविधान लेकर गुमराह करते हैं लेकिन बिहार के लोग 'जंगलराज' वालों को दूर रखेंगे। ये जननायक की उपाधि चोरी करने में लगे हैं। जननायक केवल कर्पूरी ठाकुर हैं।
रैली में जुटी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, 'इस बार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए अपनी अब तक की सभी जीत के रिकॉर्ड तोड़ देगा। बिहार एनडीए को अब तक का सबसे बड़ा जनादेश देगा।'
ये जननायक कर्पूरी ठाकुर का नाम चुराने में लगे हैं-पीएम
उन्होंने कहा, 'जननायक कर्पूरी ठाकुर से प्रेरित होकर हम सुशासन को समृद्धि में बदल रहे हैं। लेकिन दूसरी ओर, आप मुझसे बेहतर जानते हैं कि आरजेडी और कांग्रेस क्या कह रहे हैं और क्या कर रहे हैं...ये लोग हजारों करोड़ के घोटालों में जमानत पर बाहर हैं। जो लोग जमानत पर हैं, वे चोरी के मामलों में जमानत पर हैं। अब इनकी चोरी की आदत इतनी बढ़ गई है कि ये जननायक कर्पूरी ठाकुर का नाम चुराने में लगे हैं। बिहार की जनता जननायक कर्पूरी ठाकुर का यह अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगी, कभी नहीं करेगी।'
हम हमेशा एनडीए के साथ रहेंगे-नीतीश
पीएम ने कहा, 'आप सभी 'जीएसटी बचत उत्सव' का लाभ उठा रहे हैं और कल से छठ पूजा का महापर्व शुरू होने जा रहा है। मैं आप सभी का धन्यवाद करता हूं कि आप इतनी बड़ी संख्या में यहां आए... ‘नई रफ़्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार।' वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, 'पिछली सरकार ने बिहार की जनता के विकास के लिए कुछ नहीं किया... जब उन्हें (लालू प्रसाद यादव को) सत्ता से हटाया गया, तो उन्होंने अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया... उन्होंने सिर्फ अपने परिवार के लिए काम किया... हम हमेशा एनडीए के साथ रहेंगे।'
पीएम ने कर्पूरी ठाकुर को दी श्रद्धाजलि
बिहार में अपने चुनावी अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री शुक्रवार को समस्तीपुर में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के गांव कर्पूरी ग्राम पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने कर्पूरी ठाकुर के परिवार के सदस्यों से मुलाकात और उनसे बातचीत की। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।
