PM Modi: बिहार चुनाव की गहमागहमी के बीच प्रधानमंत्री मोदी भी एनडीए के धुआंधार प्रचार में व्यस्त हैं। वह ताबड़तोड़ रैलियां कर एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। रैलियों के दौर के बाद अब पीएम मोदी ने नमो ऐप के जरिए बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं से बात की। इस बातचीत में बोले पीएम मोदी ने बिहार में एनडीए की सरकार बनाने का भरोसा जताया। पीएम मोदी ने कहा कि चुनावी रैलियों में रिकॉर्ड संख्या में महिलाएं आ रही हैं और नारे लगा रही हैं।
एनडीए की भारी जीत पर मुझे कोई संदेह नहीं
उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की भारी जीत पर मुझे कोई संदेह नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी ने महिला कार्यकर्ताओं से अधिक मतदान सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। प्रधानमंत्री मोदी ने महिला कार्यकर्ताओं से कहा, सुनिश्चित करें कि बिहार चुनाव में 'जंगल राज' के समर्थकों को अब तक की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़े। एनडीए सरकार महिलाओं के जीवन को आसान बनाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जंगलराज वालों को उनकी सबसे बड़ी हार देखने को मिलेगी
नमो ऐप के जरिए बिहार की महिलाओं से बातचीत करते हुए पीएम मोदी ने कहा, बिहार की जनता ने मन बना लिया है कि इस बार वो एनडीए को विजयी बनाकर पिछले 20 सालों का रिकॉर्ड तोड़ेगी। जंगलराज वालों को उनकी सबसे बड़ी हार देखने को मिलेगी। बिहार का विकास एनडीए के नेतृत्व में ही हो सकता है।
प्रधानमंत्री महागठबंधन पर हमला करने के लिए "जंगल राज" शब्द का इस्तेमाल करते रहे हैं। 'जंगल राज' शब्द का स्पष्ट संदर्भ उस समय से है जब बिहार में राजद प्रमुख लालू प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी का शासन था। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार महिलाओं के जीवन को आसान बनाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
6 और 11 नवंबर को वोटिंग
बता दें कि बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। विपक्षी गठबंधन ने बिहार चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
