MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 की वोटिंग अब कुछ ही दिन बचे हैं। बीजेपी और कांग्रेस के बीच वार-पलटवार दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहा है। चुनाव में वादों के साथ-साथ अब हिंदुत्व वाले मुद्दे भी आने लगे हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के राम मंदिर वाले बयान पर अब दिग्विजय सिंह ने पलटवार किया है। दिग्विजय सिंह ने खुद को अच्छा हिंदू बताते हुए कहा कि उन्होंने राम मंदिर निर्माण में शिवराज सिंह चौहान से ज्यादा का चंदा दिया है।
राम मंदिर में कितने का दिया दान
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भगवान राम को अपना इष्ट देवता बताते हए कहा- ''मैं सनातन धर्म का पालन करता हूं, और मैं एक अच्छा हिंदू हूं... हालांकि, चुनाव में धर्म का इस्तेमाल वर्जित है। राम मंदिर निर्माण में शिवराज सिंह चौहान ने 1 लाख रुपये दिए, जबकि मैंने दिए 1.11 लाख रुपये। मैंने वह चेक ट्रस्ट में जमा करने के लिए पीएम मोदी को भेजा। उन्होंने इसे वापस भेज दिया और मुझसे इसे खुद जमा करने के लिए कहा। मैंने इसे जमा कर दिया।"
छोटे दलों के प्रति किया सतर्क
वहीं सपा, आप, बसपा जैसी पार्टियों पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए दिग्विजय सिंह ने जनता को छोटे दलों से सतर्क रहने की अपील कर दी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने रविवार को कहा कि मध्य प्रदेश में केवल दो दल हैं और मतदाताओं को ऐसे छोटे दलों के जाल में नहीं फंसना चाहिए, जो राज्य में सरकार नहीं बनाने जा रहे।
3 दिसंबर को रिजल्ट
भाजपा मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है, जहां 17 नवंबर को मतदान होना है। भगवा पार्टी 2020 में कांग्रेस सरकार के पतन के बाद सत्ता में आई थी। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।
