बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इस बार बिहार की सियासत में खुद चुनावी रणनीतिकार व जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर उतर चुके हैं। प्रशांत किशोर ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बेबाकी से अपनी राय रखी। टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार से बातचीत करते हुए उन्होंने एक चौंकाने वाला बयान दिया है। प्रशांत ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उनकी पार्टी 'वोट कटवा पार्टी' है! कहा कि राज्य की दोनों प्रमुख पार्टियों के वोट बैंक पर उनकी नजर है। हालांकि, उन्होंने खुलकर किसी का नाम नहीं लिया।
मुस्लिम वोट बैंक पर क्या बोले PK
मुस्लिम वोट बैंक को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले 30 साल से मुसलमानों के रहनुमा होने का दावा करने वाले दल यह घोषणा कर दें कि जिस सीट से जनसुराज पार्टी मुस्लिम कैंडिडेट उतारेगी, वे पार्टियां वहां से मुस्लिम उम्मीदवार नहीं उतारेंगी...उन्होंने एकतरफा घोषणा करते हुए कहा कि वे पार्टियां जहां से मुस्लिम प्रत्याशी को लड़ाएंगी, जनसुराज उस सीट से मुस्लिम उम्मीदवार को चुनाव में नहीं उतारेगी! किशोर ने कहा कि ताकि मुसलमान समाज देखे कि इन पार्टियों को उनसे नहीं बल्कि, उनके वोट बैंक से प्रेम है।
उन्होंने साफ तौर पर आरजेडी की ओर इशारा करते हुए कहा कि लंबे समय से मुस्लिम वोटर को केरोसिन तेल बनाकर अपनी 'लालटेन' की रोशनी जलाई है... ऐसी रोशनी जो मुसलमानों के घर तक नहीं जाती वो सिर्फ लालू यादव के घर में जाती है...उन्होंने कहा कि नवंबर में इतिहास लिखा जाएगा।
कितनी सीटों पर चुनाव जीतेगी जनसुराज
प्रशांत किशोर ने सीटों के सवाल पर कहा कि उनकी पार्टी 10 से कम या 150 सीटों से अधिक पर जीत दर्ज करेगी। एनडीएन के 160 सीटों पर जीत के टारगेट पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि NDA के टारगेट की कोई वैल्यू है? लोकसभा में एनडीए का लक्ष्य 400 पार था... पिछले बंगाल विधानसभा चुनाव में 200 से अधिक था। इसलिए हमने ऐसा कोई नारा नहीं दिया...
उन्होंने कहा कि या तो बिहार की जनता हम पर विश्वास कर बदलाव के लिए वोट करेगी...और यदि लोगों ने यह काम किया तो सीटों की संख्या कम पड़ जाएगी, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि संभव है कि लोग सुनने समझने के बाद तय करें कि अभी नहीं...बाद में देखा जाएगा...अगर, ऐसी परिस्थिति बनती है तो जनसुराज 10 सीट से भी कम जीत सकती है।
