इलेक्शन

बंगाल में काउंटिंग सेंटरों की संख्या में फिर हो सकती है कटौती, EC का चल सकता है चाबुक; CCTV से होगी निगरानी

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना केंद्रों की संख्या 87 से घटाकर 77 किए जाने की संभावना है।

Image

बंगाल में काउंटिंग सेंटर की संख्या में हो सकती है कटौती (फोटो साभार: @CEOWestBengal)

Photo : Twitter

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना केंद्रों की संख्या 87 से घटाकर 77 किए जाने की संभावना है। हालांकि, मतगणना से कुछ ही दिन पहले सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने इस कदम पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने इस कदम के पीछे का कारण नहीं बताया।

अभी कितनी है मतगणना केंद्रों की संख्या

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना केंद्रों की संख्या लगभग दो सप्ताह पहले 108 से घटाकर 87 कर दी गई थी। अग्रवाल ने कहा, "आवश्यकता पड़ने पर मतगणना केंद्रों की संख्या 77 से भी कम की जा सकती है। सभी मतगणना केंद्र सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे।"

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि अग्रवाल व्यक्तिगत रूप से कई केंद्रों का दौरा कर सकते हैं। आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि मतगणना से ठीक तीन दिन पहले मतगणना केंद्रों की संख्या में बदलाव के फैसले की सत्ताधारी पार्टी ने आलोचना की है। उन्होंने बताया कि कोलकाता में 11 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना पांच केंद्रों पर की जाएगी।

बंगाल CEO का अधिकारियों को निर्देश

इससे पहले, बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बाद हिंसा की खबरों के मद्देनजर, मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने अधिकारियों को "कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति" अपनाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निर्वाचन आयोग के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।

कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधीक्षकों सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक के दौरान अग्रवाल ने ये निर्देश जारी किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, मनोज अग्रवाल ने कहा, "मतदान के बाद गड़बड़ी करने वालों को आज रात तक गिरफ्तार किया जाना चाहिए।" सनद रहे कि बुधवार शाम को दूसरे चरण के मतदान की समाप्ति के कुछ घंटों बाद ही बंगाल के कई हिस्सों से राजनीतिक झड़पों की खबरें सामने आईं, जिसके बाद आयोग ने निगरानी बढ़ा दी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article