इलेक्शन

विधानसभा चुनावों में शिकायतों पर चुनाव आयोग का एक्शन, BJP-CONG से मांगा जवाब, खड़गे-नड्डा को भेजा पत्र

इस समय महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं। इन चुनावों के दौरान बीजेपी ने कांग्रेस पर और कांग्रेस ने बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें से कुछ की शिकायत चुनाव आयोग में भी की गई है।

Image

चुनाव आयोग ने बीजेपी कांग्रेस से शिकायतों पर मांगा जवाब

Photo : PTI

महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी और कांग्रेस ने एक दूसरे के खिलाफ चुनाव आयोग में खूब शिकायतें की हैं, जिसे लेकर अब चुनाव आयोग ने दोनों पार्टियों से जवाब मांगा है। चुनाव आयोग ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को इन शिकायतों को लेकर खत लिखा है और उनसे इनपर जवाब मांगा है।

18 नवंबर तक मांगा जवाब

चुनाव आयोग ने दोनों पार्टी अध्यक्षों से सोमवार, 18 नवंबर, 2024 को दोपहर 1:00 बजे तक औपचारिक जवाब मांगा है, साथ ही उन्हें लोकसभा चुनावों के दौरान 22 मई, 2024 को दिए गए चुनाव आयोग के पहले के परामर्श की याद दिलाते हुए कहा है कि स्टार प्रचारकों और नेताओं पर नियंत्रण रखा जाए ताकि सार्वजनिक शिष्टाचार का उल्लंघन न हो और चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन किया जाए।

भाजपा की शिकायत

भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संविधान वाली टिप्पणी पर शिकायत दर्ज कराई थी। भाजपा ने उनके भाषण को झूठ से भरा और तथ्यहीन बताया था। भाजपा ने चुनावी राज्य महाराष्ट्र में एक रैली में गांधी के कथित 6 नवंबर के भाषण का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर संविधान को नष्ट करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता महाराष्ट्र के युवाओं को भड़का रहे हैं जो देश की एकता और अखंडता के लिए बेहद खतरनाक है।

कांग्रेस की शिकायत

वहीं, कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर धनबाद में एक चुनावी रैली के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) और उसके सहयोगियों के बारे में झूठे, विभाजनकारी, दुर्भावनापूर्ण और निंदनीय बयान देने का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया था, "अमित शाह द्वारा दिए गए बयानों का एकमात्र उद्देश्य धर्म और जाति के आधार पर मतदाताओं को भड़काना है, ताकि वोटों को एकजुट किया जा सके लोगों को भड़काकर उन्हें भाजपा के पक्ष में वोट देने के लिए प्रेरित किया जा सके।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article