Things Should Be Avoided On Saturday: शनिवार का दिन शनिदेव और हनुमान जी को समर्पित होता है। मान्यता है कि इस दिन कुछ विशेष कामों को करने से बचना चाहिए, अन्यथा व्यक्ति को शनिदेव और बजरंगबली के क्रोध का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही शनि दोष लग सकता है, जिसके प्रभाव से हंसते खेलते व्यक्ति का जीवन बर्बाद हो सकता है। हालांकि, कुछ उपायों को करके व सावधानियों को अपनाकर शनिवार के दिन को आप अपने लिए खास भी बना सकते हैं। यहां पर पौराणिक शास्त्रों में लिखित ऐसे 15 कार्य बताए गए हैं, जिन्हें शनिवार के दिन किसी भी समय पर करने से बचना चाहिए।
शनिवार के दिन क्या नहीं करना चाहिए?
- शनिवार के दिन बाल और नाखून काटने से व्यक्ति को शारीरिक कष्टों का सामना करना पड़ता है।
- जो लोग शनिवार के दिन शराब, मांस और किसी भी तरह की तामसिक चीजें खाते हैं, उनके विवादों में फंसने की संभावना अधिक होती है।
- जो लोग शनिवार के दिन मुफ्त में कोई भी सामान लेते हैं, उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है।
- शनिवार के दिन लाल और पीले रंग की किसी भी वस्तु का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। दरअसल, लाल रंग का मंगल और सूर्य से संबंध है, जबकि पीला रंग देवगुरु बृहस्पति को अति प्रिय है और इन तीनों ही ग्रहों का शनिदेव से शत्रुता का रिश्ता है। ऐसे में इन रंगों की चीजों के इस्तेमाल से शनिदेव नाराज हो सकते हैं।
- शनिवार के दिन धन ही नहीं किसी भी वस्तु को उधार देने व लेने से घर में दरिद्रता आती है। साथ ही आर्थिक स्थिति कमजोर होने लगती है।
- लाल किताब में बताया गया है कि शनिवार के दिन उत्तर-पूर्व, पूर्व और उत्तर दिशा की यात्रा करने से दुर्घटनाओं के होने का खतरा बना रहता है।
- कोर्ट-कचहरी के नए मामले शनिवार के दिन शुरू करने अशुभ होते हैं।
- जिन लड़कों की शादी हो चुकी है, उन्हें शनिवार के दिन अपने ससुराल में खाना खाने से बचना चाहिए। मान्यता है कि इस नियम का पालन न करने से रिश्तों में कड़वाहट आती है।
- शनिवार के दिन दूध और दही का सेवन करने से बचना चाहिए, अन्यथा तबीयत खराब हो सकती है।
- शनिवार के दिन लोहे का सामान, सरसों का तेल, कोयला, नमक, काले रंग के जूते, झाड़ू, काले रंग के कपड़े, नुकुली चीजें, स्याही, चमड़ा से बनी चीजें, काली उड़द, लकड़ी से बनी चीजें और काले तिल नहीं खरीदने चाहिए। मान्यता है कि इससे शनिदेव नाराज होते हैं, जिसके कारण घर में दरिद्रता व बीमारियों का आगमन होता है।
- वैसे तो प्रत्येक दिन किसी भी व्यक्ति और बेजुबान पशु-पक्षियों का अपमान नहीं करना चाहिए, लेकिन शनिवार के दिन इन्हें सताने से ज्यादा नुकसान होता है।
- किसी भी नए काम की शुरुआत शनिवार के दिन नहीं करनी चाहिए क्योंकि उसमें सफलता मिलने की संभावना काफी कम होती है।
- शनिवार के दिन खट्टी चीजों का सेवन करने से भी बचना चाहिए।
- शनिवार के दिन नमक, नुकीली चीजें, पीले रंग की वस्तुएं, सफेद रंग का सामान, पुरानी चीजें, प्लास्टिक का सामान, कांच के बर्तन, इंक, सरसों का तेल, सोना, लाल रंग के फूल, तांबे से बनी चीजें और झाड़ू आदि का दान करने से घर में अशांति आती है। साथ ही घर वालों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
- जो लोग शनिवार के दिन लाल या पीले रंग के कपड़े पहनते हैं, उन्हें शनिदेव की कृपा की जगह क्रोध का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही व्यक्ति दिनभर नकारात्मक ऊर्जा से घिरा रहता है।
शनिवार के दिन क्या करना चाहिए?
शनिवार के दिन की शुरुआत शनिदेव और हनुमान जी की पूजा से करनी चाहिए, जिसके बाद पीपल के पेड़ की विधिपूर्वक उपासना करें। साथ ही अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंद लोगों की आर्थिक और भावनात्मक रूप से मदद करें। इसके अलावा बेजुबान जानवरों की सच्चे मन से सेवा करें। वहीं, दिन के अंत में अपने बुरे कर्मों व गलतियों के लिए शनिदेव से क्षमा मांगें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: इस मूलांक वालों की बोली हुई बातें अक्सर सच होती हैं
डिस्क्लेमर: यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।
