दुनिया

'जल्द काबू नहीं पाया तो लगा दूंगा टैरिफ' जंगल की आग के धुएं पर ट्रंप ने कनाडा को चेताया, बोले-खराब हो रही लोगों की सेहत

ट्रंप ने बताया कि वे दिन में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से बात करेंगे, यह जानने के लिए कि इस समस्या को लेकर कनाडा क्या कदम उठा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रदूषण से हुए नुकसान का आंकलन तक करना मुश्किल है। इतना ही नहीं, ट्रंप ने कहा कि यह हर साल की समस्या बन चुकी है।

Image

कनाडा के जंगल में लगी आग से फैल रहा है धुआं।

Photo : ANI

Donald Trump: जंगल में लगी आग से हो रहे प्रदूषण पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा को चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि जंल में लगी आग और उसके धुएं पर कनाडा यदि जल्द काबू नहीं पाता तो वह उस पर टैरिफ लगा देंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि जंगल से निकल रहा धुआं अमेरिकी शहरों में फैल रहा है और इससे लोगों की सेहत खराब हो रही है। ट्रंप ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से तत्काल इस पर कदम उठाने की मांग की है। ट्रंप ने कहा कि धुएं की वजह से अमेरिकी शहरों की वायु गुणवत्ता खराब हो गई है।

शुक्रवार को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिका, कनाडा के जंगलों की आग से आ रही 'गंदी, प्रदूषित और अस्वस्थ हवा' से प्रभावित हो रहा है, और इस प्रदूषण की लागत कनाडा पर पहले से लगे टैरिफ में जोड़ी जाएगी। ट्रंप ने आगे लिखा कि कनाडा अपने जंगलों और झाड़ियों का सही रखरखाव नहीं कर रहा, जिसके चलते अमेरिका में गंदी और खतरनाक हवा का 'अनावश्यक आक्रमण' हो रहा है, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।

प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से बात करेंगे ट्रंप

ट्रंप ने बताया कि वे दिन में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से बात करेंगे, यह जानने के लिए कि इस समस्या को लेकर कनाडा क्या कदम उठा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रदूषण से हुए नुकसान का आंकलन तक करना मुश्किल है। इतना ही नहीं, ट्रंप ने कहा कि यह हर साल की समस्या बन चुकी है, और इससे अमेरिका को अरबों डॉलर का नुकसान हो रहा है।

अमेरिका में भी जंगल की आग की घटनाएं

NASA के अनुसार, कनाडा में लगभग 850 सक्रिय जंगल की आग की घटनाएं हो रही हैं, जिनमें से 180 से ज्यादा सिर्फ ओंटारियो प्रांत में हैं। इनका धुआं दक्षिण की ओर बढ़ते हुए अमेरिका के 20 से अधिक राज्यों में एयर क्वालिटी अलर्ट का कारण बना है। पॉलिटिको की रिपोर्ट के मुताबिक, खुद अमेरिका में भी 150 से ज्यादा जंगल की आग की घटनाएं दर्ज हुई हैं, जिनमें मिशिगन राज्य भी शामिल है। विशेषज्ञों की मानें तो धुएं में मौजूद बारीक कण खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए बड़ा स्वास्थ्य खतरा बन सकते हैं।

क्या व्यापारिक दबाव बनाने की यह ट्रंप की चाल?

दिलचस्प बात यह है कि पूर्वी कनाडा और अमेरिकी मिडवेस्ट में लगी इन आगों की जड़ में हाल ही में उत्तरी अमेरिका में आई एक रिकॉर्ड-तोड़ हीटवेव है, जिसने आग फैलने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाईं। तो सवाल है कि क्या प्राकृतिक आपदा को टैरिफ का बहाना बनाना जायज है? क्या यह सिर्फ व्यापारिक दबाव बनाने की एक और चाल है, या वाकई अमेरिका इस प्रदूषण से इतना परेशान है? और सबसे बड़ा सवाल क्या मार्क कार्नी इस दबाव के आगे झुकेंगे, या पलटवार करेंगे?

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article