Vinod Sultanpuri Interview: हिमाचल प्रदेश की शिमला लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी ने टाइम्स नाऊ नवभारत से खास बातचीत में कहा कि कांग्रेस राज्य की सभी सीटें जीतने जा रही है। सुल्तानपुरी ने कहा कि हिमाचल की जनता, कांग्रेस के काम को देखते हुए हमारे पक्ष में वोट डालेगी।
बीजेपी के लिए चुनौती
शिमला लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार व वर्तमान सांसद सुरेश कश्यप को टक्कर देने के लिए कांग्रेस द्वारा कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी को चुनावी मैदान में उतारने के बाद अब भाजपा व कांग्रेस शिमला लोकसभा सीट पर आमने-सामने आ गई है। शिमला लोकसभा सीट कांग्रेस का गढ़ रही है तथा पूर्व में विनोद सुल्तानपुरी के पिता स्वर्गीय कृष्ण दत्त सुल्तानपुरी का शिमला लोकसभा सीट पर जीत का लंबा इतिहास रहा है। ऐसे में कांग्रेस फिर से शिमला लोकसभा सीट को विजयी करना चाहती है। ऐसे में भाजपा को स्पष्टतौर पर कड़ी चुनौती के संकेत नजर आ रहे है।
शिमला सीट का समीकरण
विनोद सुल्तानपुरी वर्तमान में कसौली विधानसभा सीट से विधायक हैं। कांग्रेस के लिए शिमला लोकसभा से यह भी राहत की बात है कि शिमला लोकसभा की कुल 17 विधानसभा सीटों में से 13 सीटों पर कांग्रेस गत विधानसभा चुनाव में विजयी रही है। साथ ही हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार का लाभ भी विनोद सुल्तानपुरी को मिल सकता है।
विनोद सुल्तानपुरी के पिता रह चुके हैं कई बार सांसद
शिमला लोकसभा सीट से वर्तमान प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के पिता केडी सुल्तानपुरी ने पहली बार 1980 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव जीता था। 1984 में फिर केडी सुल्तानपुरी कांग्रेस के टिकट पर सांसद बने। 1989 के लोकसभा चुनाव में भी केडी सुल्तानपुरी विजयी रहें। 1991 में उन्हें फिर जीत हासिल हुई। उसके बाद 1996 में व 1998 में कांग्रेस शिमला लोकसभा सीट पर विजयी रही तथा कृष्णदत्त सुल्तानपुरी फिर से सांसद बने।
पूनम शर्मा की रिपोर्ट
