Amit Shah in Assam: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राज्य में अपने 15 साल के शासनकाल में असम के विकास के लिए कुछ नहीं किया। असम के कलियाबोर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विश्व प्रसिद्ध काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान को घुसपैठियों के हवाले कर दिया, जिन्होंने वन भूमि पर अतिक्रमण किया और एक सींग वाले गैंडे को खतरे में डाल दिया।
एनडीए सरकार ने ही अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा
उन्होंने कहा, एनडीए सरकार ने ही अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा और यह सुनिश्चित किया कि काजीरंगा एक बार फिर विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपनी जगह बनाए। शाह ने गुरुवार को चुनाव वाले पूर्वोत्तर राज्य के दौरे पर आए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस ने अपने शासनकाल में राज्य के लिए क्या किया?
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह असम के प्रतिनिधि थे, लेकिन न तो तत्कालीन केंद्र सरकार और न ही राज्य सरकार ने इसके विकास के लिए कुछ किया। शाह ने आरोप लगाया कि जब अतिक्रमण की गई भूमि से घुसपैठियों को हटाया जाता है, तो कांग्रेस इसे धर्म आधारित राजनीति के रूप में पेश करने की कोशिश करती है।
उन्होंने आगे कहा, मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि भाजपा घुसपैठियों के खिलाफ है और असम के मूल निवासी मुसलमानों का विरोध नहीं करती है। राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आए शाह ने कलियाबोर में भाजपा के सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) के उम्मीदवार और मंत्री केशव महंत के लिए प्रचार किया। वह शुक्रवार को तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव 9 अप्रैल को होंगे और मतगणना 4 मई को होगी।
राहुल का सीएम हिमंत पर हमला
वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को भारत का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताते हुए गुरुवार को आरोप लगाया कि हिमंता सरमा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर राज्य में लैंड एटीएम चला रहे हैं और आम लोगों से जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को दे रहे हैं। बोकाजान विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार रतन इंगती के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग असम और उसके लोगों के लिए खड़े थे और कांग्रेस पार्टी राज्य में सत्ता में आने के 100 दिनों के भीतर उनकी मौत के मामले में न्याय दिलाएगी।
