Congress First List: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कांग्रेस के कई दिग्गजों के नाम शामिल हैं। राहुल गांधी एक बार फिर से वायनाड से चुनाव लड़ते नजर आएंगे।
कांग्रेस की पहली लिस्ट में 39 नाम
कांग्रेस की पहली लिस्ट में 39 नाम शामिल हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक के एक दिन बाद शुक्रवार को उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा की। कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची में 15 उम्मीदवार सामान्य वर्ग से और 24 अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों से हैं।

congress first list.
राहुल गांधी केरल के वायनाड से चुनाव लड़ेंगे। शशि थरूर तिरुवनंतपुरम से चुनाव लड़ेंगे, यह सीट उनके पास तीन बार से है। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल क्रमशः छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और केरल के अलाप्पुझा से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
छत्तीसगढ़ से किसे मिला टिकट
छत्तीसगढ़ से कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राजनांदगांव से, ताम्रध्वज साहू को महासमुंद से, ज्योत्सना महंत को कोरबा से और शिवकुमार डेहरिया को जांजगीर-चांपा सीट से मैदान में उतारा है। टिकट की घोषणा के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए शीर्ष नेतृत्व ने मुझे राजनांदगांव लोकसभा से चुनाव लड़ने के लिए आदेशित किया है। इस विश्वास के लिए पार्टी और शीर्ष नेतृत्व का आभार। संस्कारधानी राजनांदगांव से प्रत्याशी होना सौभाग्य है। मां बम्लेश्वरी की कृपा और जनता के आशीर्वाद से इस बाद का चुनाव राजनांदगांव की जनता लड़ेगी और जीतेगी। सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं।
किस राज्य से कितने उम्मीदवार
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की छह, कर्नाटक की सात, तेलंगाना की चार, मेघालय की दो तथा लक्षद्वीप, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा की एक-एक सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं। पार्टी ने केरल में अपने 14 मौजूदा लोकसभा सदस्यों को फिर से चुनावी मैदान में उतारा है।
