इलेक्शन

CWC Meeting Updates: जिन दोस्तों को प्रधानमंत्री 'मेरे दोस्त' कहते थे, वही आज भारत को मुश्किलों में डाल रहे हैं, खरगे का मोदी पर निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में आयोजित विस्तारित कार्य समिति की बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव जयराम रमेश, सचिन पायलट और कई अन्य नेता शामिल हैं। जानिए मीटिंग का अपडेट...

Image

CWC मीटिंग में खरगे का पीएम मोदी पर निशाना (ANI)

Mallikarjun Kharge At CWC Meeting: कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई कार्य समिति (CWC) की बैठक बुधवार को शुरू हुई, जिसमें आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंत्रणा के साथ ही कथित वोट चोरी सहित कई विषयों से जुड़ी रणनीति पर चर्चा होगी। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार कांग्रेस कार्य समिति की बैठक बिहार में हो रही है। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार को कई मुद्दों पर निशाने पर लिया।

पीएम मोदी पर खरगे का निशाना

खरगे ने कहा, हम ऐसे समय में मिल रहे हैं जब भारत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय, दोनों स्तरों पर बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हमारी समस्याएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की कूटनीतिक विफलता का परिणाम हैं। जिन दोस्तों को प्रधानमंत्री 'मेरे दोस्त' कहकर शेखी बघारते हैं, वही आज भारत को कई मुश्किलों में डाल रहे हैं। खरगे ने चुनाव आयोग को भी निशाने पर लिया। खरगे ने कहा, चुनाव आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। विभिन्न राज्यों से हुए खुलासों पर सवालों के जवाब देने के बजाय, भारत निर्वाचन आयेाग हमसे हलफनामा मांग रहा है।

खरगे ने क्या-क्या कहा?

1. लोक सभा में LOP राहुल गाँधी जी एवं Extended CWC के सभी सदस्यगण, आज की इस बैठक में आप सभी का स्वागत है।

2. सदाकत आश्रम स्वाधीनता आंदोलन का केंद्र बिंदु था। 1921 में स्थापित कांग्रेस का यह ऐतिहासिक दफ्तर काँग्रेस पार्टी के अनेकों महान नेताओं की कर्मस्थली रहा है। मैं आज उन्हें भी विशेष श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

3. पटना में हो रही CWC की यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। हम ऐसे समय में मिल रहे हैं, जबकि, अन्तराष्ट्रीय और राष्ट्रीय, दोनो स्तरों पर भारत एक बेहद चुनौतीपूर्ण और चिंताजनक दौर से गुर रहा है।

4. अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हमारी मुसीबतें नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की नाकामी और कूटनीतिक विफलता का नतीजा है। प्रधानमंत्री जिनको “मेरे दोस्त” बताकर ढिंढोरा पीटते हैं, वही दोस्त आज भारत को अनेकों संकट में डाल रहे हैं।

5. आज जब हमारे वोटर लिस्ट से आधिकारिक रूप से छेड़छाड़ की जा रही है, तो आवश्यक है कि हम लोकतंत्र की जननी बिहार में अपनी विस्तारित CWC मीटिंग आयोजित करके इस देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाए रखने के अपनी प्रतिज्ञा को पुनः दोहराएं।

6. ठीक 85 साल पहले रामगढ़ AICC सेशन में पहली बार संविधान सभा का प्रस्ताव आया था। महात्मा गांधी, पं. नेहरू, सरदार पटेल, डा. अम्बेडकर एवं संविधान सभा के सदस्यों ने मिलकर देश के नागरिकों “एक व्यक्ति - एक वोट” का अधिकार दिया।

7. लोकतंत्र का आधार है- निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव। परन्तु आज चुनाव आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर ही भयंकर सवाल उठ रहे हैं। विभिन्न राज्यों में खुलासे हुए हैं, EC उन सवालों के जवाब देने के बजाय हमसे एफिडेविट मांग रहा है।

8. बिहार की ही तर्ज पर अब देश भर में लाखों लोगों के वोट काटने की साजिश रची जा रही है। वोट चोरी का मतलब है- दलित, आदिवासी, पिछड़ा, अति-पिछड़ा, अल्पसंख्यक, कमजोर और गरीब के राशन की चोरी, पेंशन चोरी, दवाई चोरी, बच्चों की स्कॉलरशिप और परीक्षा की चोरी। ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की वजह से बिहार की जनता में इसके बारे जागरूकता फैली और वो खुलकर राहुल गांधी जी के समर्थन में आए।

9. महात्मा गांधी का 100 साल पुराना दिया गया ‘स्वदेशी का मंत्र’ जिसे कांग्रेस ने अंग्रेजों को परास्त करने के लिए इस्तेमाल किया, मोदी जी को आज याद रहा है। दूसरी तरफ़ चीन के लिए रेड कार्पेट सरेआम बिछाए जाते हैं। पिछले 5 वर्षों में चीन से हमारे आयात दो गुना बढ़ गया है।

10. आज हमारा देश कई समस्याओं से जूझ रहा है।ये समस्याएं आर्थिक मंदी, बेरोजगारी, सामाजिक ध्रुवीकरण और स्वायत्त संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर कमजोर किया जा रहा है।

11. “2 करोड़ नौकरियों" का वादा अधूरा रहा। युवा रोजगार के बिना भटक रहे हैं। नोटबंदी और गलत GST ने अर्थव्यवस्था को पटरी से उतार दिया। 8 वर्षों के बाद प्रधानमंत्री जी को अपनी गलती का एहसास हुआ। अब GST में वही सुधार लाए गए जिसकी मांग कांग्रेस पार्टी पहले दिन से कर रही थी।

12. मोदीजी का मानना है कि देशवासियों को और अधिक खर्च करना चाहिए परंतु जब पिछले 10 वर्ष में आमदनी नहीं बढ़ी, सिर्फ महंगाई बढ़ी है तो लोग अधिक खर्च कैसे करेंगे?

13. ग्रामीण उपभोग 50 वर्षों में सबसे कम स्तर पर है। असमानता चरम पर है। अमीर ज्यादा अमीर बन गए, गरीब और ज्यादा गरीब बन रहे हैं।

14. प्रधानमंत्री अपने वादे के मुताबिक किसानों की आय दोगुनी नहीं कर पाए। 2020-21 के तीन काले कानूनों की वजह से आंदोलन चला, 750 से अधिक किसान शहीद हो गए।

15. केंद्र की मोदी सरकार के साथ -साथ अन्य राज्यों की भाजपा सरकारें भी धार्मिक ध्रुवीकरण और सांप्रदायिक भावनाओं को ज्वलंत रखने के मौके तलाशती रहती हैं।

16. भाजपा ने जनवरी 2024 में नीतीश कुमार को फिर से समर्थन देकर बिहार में एनडीए सरकार बनाई। नीतीश सरकार ने विकास का वादा किया, लेकिन बिहार की अर्थव्यवस्था पिछड़ रही है। "डबल इंजन" का दावा खोखला साबित हुआ, केंद्र से कोई विशेष पैकेज नहीं मिला।

17. बिहार में बेरोजगारी दर 15% से ऊपर है । हर साल लाखों युवा पलायन करते हैं। भर्ती घोटाले की वजह से युवा सड़कों पर आंदोलन करके पुलिस की लाठी खाते हैं।

18. बिहार के किसानों की हालत शायद देश में सबसे खराब है। बाढ़ के कारण हर साल लाखों लोग कोसी और गंडक नदियों से नुकसान उठाते हैं। यह इस बात का सबूत है कि बाढ़ प्रबंधन में सरकार पूरी तरह विफल रही है।

19. प्रधानमंत्री द्वारा अनेक मौकों पर बिहार के चीनी उद्योग के पुनरोद्धार का वादा किया। पर दस साल बाद भी उनका वादा झूठा ही रहा।

20. NDA गठबंधन में आंतरिक कलह अब खुलकर सामने है। नीतीश कुमार को भाजपा ने मानसिक रूप से सेवानिवृत्त कर दिया है। भाजपा अब उन्हें बोझ मानने लगी है।

21. बिहार की 80% आबादी OBC, EBC और SC/ST वर्गों से है। जनता जाति जनगणना और आरक्षण नीतियों में पारदर्शिता चाहती है।

22. कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को घेरकर जाति जनगणना के लिए मजबूर किया है। बिहार में भी काँग्रेस महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में जाति सर्वेक्षण हुआ।

23. मैं प्रधानमंत्री जी से पूछना चाहता हूं कि क्या मजबूरी है कि बिहार की जनता को सरकार द्वारा पारित 65% आरक्षण को संवैधानिक सुरक्षा नहीं दिलवा पाये? इतिहास गवाह है कि कांग्रेस सरकार ने तो आज से तीस साल पहले तमिलनाडु के लोगों के लिए 69% आरक्षण को संवैधानिक सुरक्षा दी। इसे डबल इंजन की सरकार यहां नहीं कर पाई।

24. सबसे अजीब बात UP के मुख्यमंत्री ने की, जो अपने आप को प्रधानमंत्री का उत्तराधिकारी समझते हैं। उन्होंने पहले आरक्षण के विरोध में लेख भी लिखा था। अब उन्होंने जातियों के नाम पर होने वाली रैलियों पर रोक लगा दी है। क्या प्रधानमंत्री जी देश को बताएंगे कि एक तरफ़ हम सब जाति जनगणना करने की बात कर रहे हैं, और दूसरी तरफ़ ऐसे लोग जो अपने ऊपर हो रहे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ सड़क पर उतरते हैं, उनको आपके मुख्यमंत्री जेल में डालने की बात कर रहे हैं। क्या ये सही है? आपको जनता को बताना चाहिए।

25. बिहार राज्य का शासन और प्रशासन लंबे समय से छुट्टी पर है। हर दिन लूट-पाट और हत्या की घटनाएँ होती है। अपराध दर में निरन्तर बढ़ोतरी हो रही है। स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है।

26. सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है, और अस्पतालों में दवाओं की भारी किल्लत है। एक साधारण बिहारवासी का बीमारी की स्थिति में या तो प्राइवेट अस्पतालों द्वारा शोषण किया जाता है, या वो इलाज़ कराने बिहार से बाहर जाने को मजबूर होता है।

27. बिहार की जनता भाजपा का धार्मिक ध्रुवीकरण नहीं चाहती। वो विकास-केंद्रित राजनीति चाहती है। वह अपनी सरकार से बेसिक और लॉन्ग टर्म सॉल्यूशन चाहती है। वह विकास, रोजगार, सामाजिक न्याय और सुशासन का अधिकार चाहती है और यही कांग्रेस पार्टी की मांग है।

28. बिहार ने अपने ऐतिहासिक, सामाजिक और राजनीतिक योगदान के माध्यम से भारतीय लोकतंत्र को मजबूत किया। यहाँ की जनता ने हमेशा सामाजिक न्याय और जन आंदोलन को बढ़ावा दिया। दलित, आदिवासी, पिछड़े- अति पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों के उत्थान के लिए संघर्ष किया।

29. मैं चाहता हूं आज यहां से बिहार के पुनर्निर्माण का बिगुल फूंका जाए। कांग्रेस पार्टी अपने गठबंधन दलों के साथ मिलकर बिहार के लोगों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय और सुशासन मुहैया कराएगी। बिहार की जनता लंबे समय से ‘स्वर्णिम बिहार’ का सपना देख रही है और हम सब मिलकर इसे साकार करेंगे।

30. 2025 विधानसभा चुनाव न सिर्फ बिहार के लिए बल्कि पूरे देश के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यहीं से मोदी सरकार के भ्रष्ट शासन की उलटी गिनती और अंत की शुरुआत होगी। इन्हीं शब्दों के साथ मैं अपनी बात समाप्त करता हूं।

राहुल सहित सभी बड़े नेता शामिल

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में आयोजित विस्तारित कार्य समिति की बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव जयराम रमेश, सचिन पायलट और कई अन्य नेता शामिल हैं। विस्तारित कार्य समिति की बैठक में स्थायी आमंत्रित सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य, पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, पार्टी की राज्य इकाइयों के अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता भी भाग लेते हैं।

SIR के बीच हो रही बैठक

बैठक शुरू होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पार्टी का ध्वज फहराया और फिर पार्टी नेताओं ने राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान गया। यह बैठक महागठबंधन के सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत के मध्य और कथित वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद हो रही है। राहुल गांधी की यात्रा को कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में सफल माना जा रहा है। बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article