Chhattisgarh Deputy CM: छत्तीसगढ़ में सरकार की तस्वीर साफ हो गई है। भाजपा विधायक दल की बैठक में विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला हुई और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और विजय शर्मा को डिप्टी सीएम बनाने पर मंजूरी दी गई है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को भी बड़ी जिम्मेदारी देने का फैसला हुआ।
इन दो नेताओं को बनाया जाएगा डिप्टी सीएम
छत्तीसगढ़ में 2 डिप्टी सीएम होंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद ये फैसला हुआ कि अरुण साव और विजय शर्मा को डिप्टी सीएम पद की कमान मिलेगी। साथ ही पूर्व सीएम रमन सिंह को विधानसभा स्पीकर बनाया जाएगा। विष्णु देव साय सीएम पद की जिम्मेदारी जहां संभालेंगे। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रमन सिंह ने भाजपा विधायक दल की बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री के रूप में विष्णु देव साय के नाम की घोषणा की।
विष्णु देव ने पेश किया सरकार बनाने का दावा
छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजभवन में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। भाजपा नेताओं ने बताया कि रविवार को यहां पार्टी पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों के दल ने साय को अपना नेता चुना। उन्होंने बताया कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने साय के नाम का प्रस्ताव किया तथा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने उनका समर्थन किया।
भाजपा ने हाल में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कुल 90 सीट में से 54 सीट जीती है। वर्ष 2018 में 68 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीटों पर सिमट गई। राज्य में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एक सीट जीतने में कामयाब रही है।
