इलेक्शन

तेलंगाना में हो रही पैसों की बारिश? चुनाव से पहले नकदी और सोना जब्ती 300 करोड़ रुपये के पार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 21, 2023, 10:21 PM IST

प्रवर्तन एजेंसियों ने 9 अक्टूबर को जांच शुरू कर दी थी, जब भारत चुनाव आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हुई थी। 24 घंटे की अवधि के दौरान 9.69 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश जब्त किया गया।

Image

तेलंगाना चुनाव से पहले जब्त हो चुके हैं करोड़ों रुपये

Photo : PTI

ऐसा लग रहा है जैसे तेलंगाना में चुवान नहीं, पैसों की बारिश हो रही है। रोज करोड़ों पकड़े जा रहे हैं। सोने से लेकर नकदी तक बेहिसाब तरीके से चुनाव में बहाया जा रहा है। आधिकारिक डाटा मानें तो तेलंगाना में चुनाव से पहले नकदी और सोने की जब्ती 300 करोड़ के पार जा चुकी है। ये पिछले चुनाव से काफी ज्यादा है। तेलंगाना में 2018 के चुनावों में पूरी मतदान प्रक्रिया के दौरान कुल 103 करोड़ रुपये की नकदी और सोना जब्त किया गया था।

रिकॉर्ड बरामदगी

आईएनएस के अनुसार तेलंगाना में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले शनिवार को नकदी, सोना, शराब और अन्य वस्तुओं की जब्ती 300 करोड़ रुपये से अधिक की हो गई। प्रवर्तन एजेंसियों ने शनिवार सुबह तक 18 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, सोना और शराब जब्त की है। इसके साथ ही 9 अक्टूबर से अब तक कुल जब्ती 307 करोड़ रुपये हो गई है, जिसे देश में इतनी कम अवधि के लिए एक रिकॉर्ड कहा जा रहा है।

9 अक्टूबर से जारी है अभियान

प्रवर्तन एजेंसियों ने 9 अक्टूबर को जांच शुरू कर दी थी, जब भारत चुनाव आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हुई थी। 24 घंटे की अवधि के दौरान 9.69 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश जब्त किया गया। कुल नकदी जब्ती अब 105.58 करोड़ रुपये हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 20 अक्टूबर सुबह 9 बजे से 21 अक्टूबर सुबह 9 बजे के बीच 3.81 करोड़ रुपये से अधिक की कीमती धातुएं जब्त की गईं। प्रवर्तन एजेंसियों ने अब तक 220 किलोग्राम सोना, 894 किलोग्राम चांदी, हीरे और प्लैटिनम जब्त किए हैं, जिनकी कीमत 145 करोड़ रुपये से अधिक है।

बेहिसाब शराब

अधिकारियों ने शराब के प्रवाह पर अपनी कार्रवाई जारी रखी। 24 घंटे की अवधि के दौरान, 31,961 लीटर शराब जब्त की गई, जिससे संचयी जब्ती 72,302 लीटर हो गई, जिसका मूल्य 13.58 करोड़ रुपये है। राज्य और केंद्रीय एजेंसियों ने 232 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया है, जिससे कुल जब्ती 3,672 किलोग्राम हो गई है, जिसका मूल्य 15.23 करोड़ रुपये से अधिक है। अधिकारियों ने 26.93 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का 1.89 लाख किलोग्राम चावल और अन्य सामान भी जब्त किया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article