West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में काउंटिंग की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, 4 मई यानी सोमवार को सुबह 8 बजे से चुनाव परिणाम के रुझान आना शुरू हो जाएंगे, जिस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। इस बीच, भाजपा नेता सुभाष सरकार ने रविवार को दावा किया कि राज्य में भाजपा निश्चित रूप से भारी बहुमत से जीतेगी और उसे लगभग 170 से 180 सीटें मिलेंगी।
अभिषेक पर बरसे सुभाष सरकार
इस दौरान, सुभाष सरकार ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव अभिषेक बनर्जी के रवैये को संविधान विरोधी बताया। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में सुभाष सरकार ने फालता विधानसभा में पुनर्मतदान को लेकर अभिषेक बनर्जी के ट्वीट पर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा, ''... अभिषेक बनर्जी का रवैया संविधान के खिलाफ है। वे पूरे देश को चुनौती दे रहे हैं। जो कोई भी पूरे देश को चुनौती देता है, वह हमेशा हारता है... उन्हें 21 मई को इसका जवाब जरूर मिलेगा...।"
EC ने फालता सीट की रद्द की वोटिंग
चुनाव आयोग ने शनिवार को फालता विधानसभा सीट की वोटिंग रद्द करते हुए पुनर्मतदान के निर्देश दिए। चुनाव आयोग के मुताबिक, फालता विधानसभा सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग होगी।
फालता में कब होंगे मतदान?
चुनाव आयोग ने निर्देश दिया कि बंगाल की फालता विधानसभा सीट (Falta Assembly Constituency) के सभी 285 मतदान केंद्र पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। यह पुनर्मतदान 21 मई, 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 24 मई, 2026 को होगी।
क्यों हो रहा दोबारा मतदान?
बकौल चुनाव आयोग, 29 अप्रैल 2026 को हुए मतदान के दौरान बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर गंभीर चुनावी अनियमितताएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली घटनाएं सामने आई थीं। इन्हीं शिकायतों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आयोग ने दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया है।
